US-Iran War: अमेरिका की सेना तैनाती पर ईरान की चेतावनी

अमेरिका और इजरायल के खिलाफ ईरान का रुख कड़ा

US-Iran War: अमेरिका और इजरायल के खिलाफ ईरान का युद्ध अब चार हफ्ते से भी ज्यादा पुराना हो चुका है, लेकिन मध्य पूर्व (मिडिल ईस्ट) में तनाव कम होने का नाम नहीं ले रहा है। इस बीच, अमेरिका द्वारा ईरान में जमीनी हमले (ग्राउंड ऑपरेशन) के लिए सैनिकों की तैनाती की खबरें सामने आने के बाद तेहरान तिलमिला गया है। ईरान ने अमेरिका को सीधी धमकी दी है कि अगर उसकी सेना ने जमीन पर कदम रखा, तो उन्हें आग में झोंक दिया जाएगा।

ईरान के राष्ट्रीय अखबार ने भी अमेरिकी सेना की तस्वीर पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। युद्ध के मैदान की बदलती तस्वीरों के बीच आइए जानते हैं इस संघर्ष के 5 सबसे बड़े और अहम अपडेट:

1. ‘ताबूत में लौटेंगे अमेरिकी सैनिक’ – ईरान की खुली चेतावनी

बता दें कि अमेरिकी सेना के संभावित जमीनी हमले की खबरों पर ईरान के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि ईरान में जमीनी हमला करने के लिए आया हर अमेरिकी सैनिक ‘ताबूत में ही वापस लौटेगा’। ईरान के अखबारों ने भी अपने फ्रंट पेज पर अमेरिकी सैनिकों की तस्वीरों के साथ यही धमकी प्रमुखता से प्रकाशित की है।

2. ‘सीक्रेट प्लानिंग कर रहा अमेरिका’ – स्पीकर गालिबाफ का हमला

ईरान की संसद के स्पीकर मोहम्मद बाकर गालिबाफ ने अमेरिका पर ‘दोहरा चरित्र’ अपनाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा, “एक तरफ अमेरिका दुनिया को दिखाकर कूटनीति और बातचीत की बात कर रहा है, जबकि दूसरी तरफ पर्दे के पीछे से जमीनी हमले की सीक्रेट प्लानिंग कर रहा है।” गालिबाफ ने चेतावनी दी कि तनाव बढ़ने पर ईरान सख्त से सख्त जवाब देगा और उसकी सशस्त्र सेनाएं जमीनी लड़ाई के लिए पूरी तरह तैयार हैं।

3. सऊदी अरब में अमेरिका के AWACS को मार गिराने का ईरान का दावा

संघर्ष के बीच ईरान ने शुक्रवार (27 मार्च, 2026) को एक बड़ा दावा किया है। ईरान की सरकारी मीडिया एजेंसी ने कहा कि उसने मिसाइल और ड्रोन हमलों से सऊदी अरब के ‘प्रिंस सुल्तान एयर बेस’ पर अमेरिका के E-3 एयर वॉर्निंग एंड कंट्रोल सिस्टम (AWACS) विमान को नष्ट कर दिया है। ईरान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर इस विमान की तस्वीरें भी जारी की हैं। ईरान के मुताबिक, इस हमले में 10 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से दो की हालत गंभीर बनी हुई है।

4. स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ईरान का पूरा कंट्रोल – नेवी कमांडर

तेल के वैश्विक व्यापार के लिए सबसे महत्वपूर्ण मार्ग ‘स्ट्रेट ऑफ होर्मुज’ को लेकर ईरान के नौसेना कमांडर ने एक बड़ा बयान दिया है। उन्होंने साफ कहा, “स्ट्रेट ऑफ होर्मुज पर ईरान का पूरा कंट्रोल है। यहां किसी की नहीं चलेगी, हम ही देखेंगे।” नेवी कमांडर ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका और इजरायल ने घुसने की कोशिश की, तो ईरान किसी भी जहाज को आगे बढ़ने की परवानगी नहीं देगा।

यह भी पढ़ें : 30 मार्च 2026 राशिफल: जानिए आज सोमवार का दिन कैसा रहेगा आपका दिन

5. युद्ध रोकने के लिए पाकिस्तान की बड़ी पहल, अमेरिका-ईरान के बीच होगी बातचीत?

लगातार बढ़ते खतरे के बीच पाकिस्तान ने मध्यस्थता का हाथ बढ़ाया है। पाकिस्तान के विदेश मंत्री ने घोषणा की है कि आने वाले कुछ दिनों में इस्लामाबाद अमेरिका और ईरान के बीच शांति वार्ता की मेजबानी करेगा। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह बातचीत सीधी (डायरेक्ट) होगी या परोक्ष (इनडायरेक्ट)। इस संबंध में अभी तक न तो अमेरिका और न ही ईरान की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने आई है।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now