IPL 2026 : भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेसब्री से इंतजार किया जा रहा सीजन आईपीएल 2026 अब दरवाजे पर है। 10 टीमों और 74 मैचों का यह ग्रैंड समारोह आज (28 मार्च) से शुरू होगा, जबकि फाइनल 31 मई को खेला जाएगा। पिछले सीजन की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) अपने होम ग्राउंड एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के खिलाफ टूर्नामेंट की शुरुआत करेगी। इस बार टीमों के गठन, नियमों और वेन्यू में कई बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे।
नए वेन्यू और होम ग्राउंड का बदलाव
इस सीजन दर्शकों को कुछ टीमों के नए होम ग्राउंड देखने को मिलेंगे। RCB अपने दो होम मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में खेलेगी। वहीं, पंजाब किंग्स न्यू चंडीगढ़ और धर्मशाला को अपना आधार बनाएगी, जबकि राजस्थान रॉयल्स जयपुर के अलावा गुवाहाटी में भी अपने घरेलू मैच आयोजित करेगी।
फॉर्मेट और टाइमिंग
टूर्नामेंट में 10 टीमों को 5-5 के दो ग्रुप में बांटा गया है। ग्रुप ए में CSK, KKR, RR, RCB और पंजाब किंग्स शामिल हैं, जबकि ग्रुप बी में MI, SRH, GT, DC और LSG हैं। टीमें अपने ग्रुप की टीमों से एक बार और दूसरे ग्रुप की टीमों से दो बार भिड़ेंगी। मैच दोपहर 3:30 बजे और शाम 7:30 बजे शुरू होंगे।
बड़े ट्रेड और टीमों में खलबली
ऑक्शन से पहले हुए बड़े ट्रेड ने सबको सोचने पर मजबूर कर दिया। सबसे चौंकाने वाला फैसला राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन का चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) में ट्रेड होना रहा। बदले में CSK ने रवींद्र जडेजा और सैम करन को राजस्थान भेजा है, हालांकि करन ग्रोइन इंजरी की वजह से पूरा सीजन नहीं खेल पाएंगे। इसके अलावा मोहम्मद शामी LSG, नितीश राणा DC और अर्जुन तेंदुलकर LSG पहुंचे हैं।
ऑक्शन का धमाका
नीलामी में कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने कैमरन ग्रीन को 25.2 करोड़ रुपए में खरीदकर सबसे महंगा सौदा किया। KKR ने मथीशा पथिराना को भी 18 करोड़ में अपने शिविर में शामिल किया। CSK ने अनकैप्ड खिलाड़ियों पर भारी दांव खेलते हुए प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा को 14.2 करोड़ रुपए में खरीदा।

चोटें और गायब बड़े सितारे
कई टीमें चोटों की मार झेल रही हैं। KKR के हर्षित राणा और आकाश दीप पूरे टूर्नामेंट से बाहर हैं। SRH के कप्तान पैट कमिंस पहले हाफ में नहीं खेलेंगे, उनकी जगह ईशान किशन टीम का नेतृत्व करेंगे। वहीं, ग्लेन मैक्सवेल, फाफ डू प्लेसिस और मोईन अली PSL खेलने के कारण इस सीजन गायब रहेंगे। आंद्रे रसेल ने आईपीएल से संन्यास लेकर KKR के पावर कोच की भूमिका संभाली है।
यह भी पढ़ें : 28 मार्च 2026 राशिफल: जानिए आज शनिवार को कैसा रहेगा आपका दिन
धोनी का आखिरी सीजन?
CSK में संजू सैमसन के आ जाने के बाद सबसे बड़ा सवाल महेंद्र सिंह धोनी के भविष्य को लेकर है। क्या यह धोनी का आखिरी सीजन होगा? अभी तक इसका कोई स्पष्ट जवाब नहीं है, लेकिन फैंस के मन में यह बात जरूर हावी है।
BCCI के सख्त नियम
BCCI ने इस बार अनुशासन लाने के लिए कई सख्त नियम लागू किए हैं। मैच के दिन टीमों को प्रैक्टिस की इजाजत नहीं होगी। कोई भी टीम 2 से ज्यादा प्रैक्टिस मैच नहीं खेल सकेगी। होम टीम को पहले मैच से 4 दिन पहले मैच वाली पिच पर प्रैक्टिस करने पर रोक है। खिलाड़ियों को परिवार और दोस्तों के साथ यात्रा करने और मैदान में LED बोर्ड के पास बैठने पर प्रतिबंध लगाया गया है।
कोचिंग स्टाफ में भी बदलाव दिखे हैं, जहां राजस्थान में कुमार संगाकारा और KKR में अभिषेक नायर को बड़ी जिम्मेदारी मिली है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि नए खिलाड़ियों और नए नियमों के बीच कौन सी टीम खिताब पर कब्जा करती है।























