Godrej Enterprises News: देश की अग्रणी औद्योगिक समूह गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप (GEG) ने अपने मटीरियल हैंडलिंग इक्विपमेंट (MHE) व्यवसाय के तहत इलेक्ट्रिक फोर्कलिफ्ट के लिए भारत की पहली ‘मल्टी-आयन बैटरी टेक्नोलॉजी’ लॉन्च की है। यह कदम भारत के विनिर्माण, लॉजिस्टिक्स और वेयरहाउसिंग क्षेत्र की बढ़ती मांगों को पूरा करने और आपूर्ति श्रृंखला (Supply Chain) को अधिक कुशल बनाने के लिए उठाया गया है।
इस अभूतपूर्व तकनीक को फोर्कलिफ्ट की पूरी परिचालन अवधि तक चलने के लिए डिज़ाइन किया गया है। यह न केवल औद्योगिक परिचालनों को स्वच्छ बनाएगी, बल्कि उपयोगकर्ताओं के लिए कुल स्वामित्व लागत (Total Cost of Ownership) में 25% तक की कमी लाने में भी मदद करेगी। कंपनी ने विनिर्माण और वेयरहाउसिंग आधारित आपूर्ति श्रृंखला में वहनीय ऊर्जा समाधानों के लिए एक नया मानक स्थापित किया है।
भारतीय जलवायु के लिए विशेष रूप से तैयार
भारत के एक शीर्ष ‘डीप टेक’ बैटरी नवोन्मेषक के सहयोग से विकसित यह बैटरी तकनीक भारत की उष्णकटिबंधीय जलवायु के लिए विशेष रूप से तैयार की गई है। यह 45° सेल्सियस से अधिक के तापमान में भी बेहद भरोसेमंद ढंग से काम कर सकती है।
इसकी प्रमुख विशेषताएं इस प्रकार हैं:
- लंबी उम्र: यह 5,000 लाइफ साइकिल तक प्रदान करती है, जो मानक लिथियम-आयन बैटरी की तुलना में लगभग 60% अधिक है।
- कम रखरखाव: इसमें रख-रखाव की बहुत कम आवश्यकता होती है और इसे तेजी से तथा जहां भी मौका मिले (ऑपर्च्युनिटी चार्जिंग) चार्ज किया जा सकता है।
- पर्यावरण के अनुकूल: यह दुर्लभ तत्वों (Rare Earth Elements) पर निर्भरता को कम करती है और बैटरी के निपटान से जुड़ी चुनौतियों को भी कम करती है।
बाज़ार के बढ़ते विस्तार के बीच महत्वपूर्ण कदम
भारत के औद्योगिक और वेयरहाउसिंग बाज़ार में लगातार मजबूती देखी जा रही है। 2026 की पहली तिमाही में शीर्ष आठ शहरों में 11 मिलियन (1.1 करोड़) वर्ग फुट से अधिक की लीजिंग दर्ज की गई है, जिसमें साल-दर-साल आधार पर दहाई अंक की वृद्धि हुई है। 3पीएल, ई-कॉमर्स और विनिर्माण आधारित आपूर्ति श्रृंखला के आधुनिकीकरण से उत्पन्न इस मांग को देखते हुए, ऊर्जा-कुशल और भविष्य के लिए तैयार मटीरियल हैंडलिंग समाधानों की आवश्यकता अहम हो गई है।
अधिकारी का कथन
इस लॉन्च पर गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप के मटीरियल हैंडलिंग इक्विपमेंट के बिजनेस हेड, श्री अनिल लिंगायत ने कहा कि भारत की आपूर्ति श्रृंखला की जटिलता और तीव्रता बढ़ रही है, ऐसे में मटीरियल हैंडलिंग के लिए ऐसे ऊर्जा समाधानों की ज़रूरत है जो विश्वसनीयता, दीर्घकालिक मूल्य और वहनीयता प्रदान करें। मल्टी आयन बैटरी टेक्नोलॉजी के साथ, हम नए सिरे से इस बात पर गौर कर रहे हैं कि औद्योगिक उपकरण को कैसे चलाया जाए। उन्होंने आगे कहा, “हम उन्नत इंजीनियरिंग का उपयोग कर एमएसएमई समेत पूरी मूल्य श्रृंखला में अधिक अपटाइम, कमतर स्वामित्व लागत और अपेक्षाकृत अधिक स्वच्छ परिचालन संभव बना रहे हैं।























