संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। उमंग उत्सव समूह नृत्य प्रतियोगिता के अंतिम दिन 12 एकेडमी की बच्चों की टीमों ने शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया। प्रतियोगिता में प्रतिभागी बच्चों ने अपनी प्रतिभा, उत्साह और शानदार नृत्य प्रस्तुति से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
समूह नृत्य प्रतियोगिता की समन्वयक गुड्डी तोमर एवं डॉ. आरती शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में जे एस एकेडमी ने प्रथम स्थान, स्वप्निल एकेडमी ने द्वितीय स्थान तथा भाग्यश्री एकेडमी ने तृतीय स्थान हासिल किया।
कार्यक्रम का मंच संचालन दुर्गेश्वरी सिंह ने किया। प्रतियोगिता के दौरान बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला।
उमंग उत्सव में 628 प्रतिभागियों ने लिया हिस्सा
उमंग उत्सव के अंतर्गत विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें रंगोली, मिले सुर मेरा तुम्हारा, एकल एवं समूह गायन, मेंहदी, इंद्रधनुष, चित्रकला तथा एकल एवं समूह नृत्य प्रतियोगिता प्रमुख रहीं।
आयोजकों के अनुसार, इन सभी प्रतियोगिताओं में कुल 628 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को अपनी कला और प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिला।
कार्यक्रम में शिक्षक विधायक चन्द शर्मा ने सभी विजयी बच्चों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। उन्होंने बच्चों की प्रतिभा की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी इसी तरह विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।
देशभक्ति की कविताओं से सजा कवि सम्मेलन
उमंग उत्सव के बाद डॉ. कुमार आदित्य के संयोजन में कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कवि सम्मेलन में मुकेश शर्मा, संदीप शजर, डॉ. ज्योति उपाध्याय, स्वदेश यादव सहित अन्य कवियों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत कविताओं का पाठ किया।

कवियों की प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों में देशभक्ति का भाव जगाया और वातावरण को भावनात्मक एवं उत्साहपूर्ण बना दिया।
आयोजन में इन लोगों ने संभाली व्यवस्था
कार्यक्रम को सफल बनाने में अजेय गुप्ता, ओमप्रकाश अग्रवाल, देवीशरण शर्मा, विवेक अरोड़ा, सविता शर्मा, कांति पाल, मीनाक्षी, वंदना, विनीता, बीना अरोरा, सीमा, रीना गुप्ता और संगीता सक्सैना सहित कई लोगों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
उमंग उत्सव में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं और कवि सम्मेलन ने बच्चों की प्रतिभा के साथ-साथ कला, संस्कृति और देशभक्ति की भावना को भी मंच प्रदान किया।


























