संध्या समय न्यूज
Maharastra News : जहां पूरा देश रंगों के त्योहार होली की धमाकेदार खुशियों में सराबोर था, वहीं महाराष्ट्र के नागपुर से सामने आई एक खबर ने मानवता को झकझोर कर रख दिया है। एक छोटी सी शरारत को लेकर एक दादी ने जो कदम उठाया, वह हैरान करने वाला है। महज 4 साल के अपने पोते द्वारा होली के दिन पेंट छिड़के जाने पर गुस्से में आई दादी ने बच्चे पर खौलता हुआ पानी उड़ेल दिया, जिससे नन्हा मासूम बुरी तरह झुलस गया।
क्या है पूरा मामला?
घटना नागपुर के कोराडी इलाके के आरामशीन (वार्ड नंबर 2) की है। पुलिस और स्थानीय सूत्रों के अनुसार, 3 मार्च को दिन के समय 4 वर्षीय बच्चा ओम हरीश वांगे अपने घर के बाहर स्प्रे बोतल में पेंट भरकर खेल रहा था। खेलते-खेलते बचपन की चंचलता में उसने पास में खड़ी अपनी दादी सिंधु ठाकरे पर पेंट छिड़क दिया। उस समय दादी किसी काम के लिए बाल्टी में खौलता हुआ गर्म पानी भर रही थीं। पोते की इस छोटी सी शरारत को देखते ही उनका गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया और उन्होंने गौर किए बिना उसी बाल्टी का खौलता हुआ पानी ओम पर पलट दिया।
बच्चे की हालत नाजुक
पानी की गर्माहट से बुरी तरह झुलसे बच्चे के चीखने की आवाज से परिवार और आसपास के लोग थ्रिल हो गए। तत्काल बच्चे को नागपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के मुताबिक, ओम कमर के नीचे के हिस्से में बुरी तरह झुलस गया है। उसके शरीर का लगभग 45 प्रतिशत हिस्सा झुलस चुका है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास भीषण आग, 50 झुग्गियां जलकर हुईं राख
CCTV में कैद हुई दादी की ‘हैवानियत’
इस दिल दहला देने वाली घटना का वीडियो पास में लगे एक CCTV कैमरे में दर्ज हो गया है। पुलिस ने फुटेज को जब्त कर लिया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि कैसे एक छोटी बात पर महिला ने अपना आपा खो दिया और अपने ही खून पर इतनी बर्बर हरकत कर बैठीं। पुलिस इस फुटेज को मामले का सबसे बड़ा सबूत मान रही है।
पुलिस की कार्रवाई
कोराडी पुलिस ने इस गंभीर मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि बच्चे की शरारत का यह जवाब न केवल अमानवीय है, बल्कि गंभीर अपराध भी है। बुधवार को घटना की सूचना मिलते ही महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। घटना ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है और लोग इस वारदात को लेकर सदमे में हैं।

























