मेजर ध्यानचंद स्टेडियम दिल्ली में डी ए वी राष्ट्रीय खेलों का भव्य उद्घाटन

संदिप कुमार गर्ग


नई दिल्ली। ध्यानचंद स्टेडियम में DAV राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ उत्साह, रोमांच और खेल भावना के साथ हुआ। प्रतियोगिता में देश के 22 प्रांतों से आए प्रतिभागी 30 विभिन्न खेलों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। इस राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता में करीब 19 हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि एवं पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित DAV संस्थान के अध्यक्ष श्री पूनम सूरी ने किया। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश विद्यालयों के निदेशक डॉ. वी. सिंह ने DAV संस्थान के अध्यक्ष एवं आर्य प्रादेशिक प्रतिनिधि सभा के अध्यक्ष श्री पूनम सूरी तथा विशिष्ट अतिथियों का स्वागत किया। इनमें DAVCMC के उपाध्यक्ष प्रबोध महाजन, डायरेक्टर एकेडेमिक्स डॉ. निशा पेशिन और DAV संस्थान के डायरेक्टर एडमिन ब्रिगेडियर ए.के. अधलखा प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के पुष्प स्वागत के साथ हुई। इसके बाद DAV गान प्रस्तुत कर संस्थान की गरिमा और मूल्यों को नमन किया गया।

पूनम सूरी के योगदान की सराहना

डॉ. वी. सिंह ने मुख्य अतिथि पूनम सूरी के महत्वपूर्ण योगदान की सराहना करते हुए सभी विशिष्ट अतिथियों और गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया। उन्होंने पैरालंपिक विजेताओं को बधाई देते हुए उनके अदम्य साहस, संघर्ष और उत्साह की प्रशंसा की।

इसके बाद मुख्य अतिथि पूनम सूरी ने अन्य अतिथियों के साथ राष्ट्र स्तरीय खेल ध्वज फहराया। इस दौरान DAV संस्थान की देशभर में फैली सांस्कृतिक एकता को प्रदर्शित करती हुई विभिन्न राज्यों से आई खिलाड़ियों की टुकड़ियों ने कदमताल करते हुए मार्च पास्ट किया।

खिलाड़ियों ने ली खेल भावना और अनुशासन की शपथ

खेल प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर प्रतिभागी धावकों ने मशाल लेकर मैदान का चक्कर लगाया और मुख्य अतिथि श्री पूनम सूरी को मशाल सौंपी। इसके बाद उन्होंने उपस्थित अतिथियों के साथ मशाल प्रज्ज्वलित की। इस दौरान पूरा मैदान ‘मिले सुर मेरा तुम्हारा’ की प्रस्तुति से गूंज उठा।

मेजर ध्यानचंद के पुत्र एवं अर्जुन पुरस्कार विजेता श्री अशोक ध्यानचंद ने खिलाड़ियों को शपथ दिलाई। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को खेल के नियमों का पालन करने, अनुशासन बनाए रखने और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का संकल्प दिलाया।

इस अवसर पर खेल जगत के विभिन्न चमकते सितारों को शॉल और उपहार देकर सम्मानित भी किया गया।

फिट इंडिया मिशन से प्रेरित है खेल प्रतियोगिता

DAV संस्थान के अध्यक्ष एवं कार्यक्रम के मुख्य अतिथि श्री पूनम सूरी ने उपस्थित माननीय अतिथियों, पैरालंपिक विजेताओं और अर्जुन पुरस्कार विजेता शाइनी विल्सन का अभिनंदन किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मिशन से प्रेरित होकर DAV संस्थान द्वारा इस खेल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को मानसिक और शारीरिक रूप से स्वस्थ रखने के साथ-साथ उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना का विकास करना है।

श्री पूनम सूरी ने कार्यक्रम संचालक श्री वी. सिंह और उनके नेतृत्व में प्रतियोगिता को सफल बनाने में जुटे सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आयोजन को सफल बनाने के लिए सभी ने दिन-रात अथक परिश्रम किया है।

उन्होंने विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए खेल को जीत-हार से ऊपर रखते हुए पूरी खेल भावना और अनुशासन के साथ खेलने पर जोर दिया।

विभिन्न राज्यों के लोक नृत्यों ने बांधा समां

DAV राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता के उद्घाटन समारोह में विभिन्न प्रांतों के प्रमुख नृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां भी हुईं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। अलग-अलग राज्यों की सांस्कृतिक झलक ने न केवल दर्शकों का मन मोह लिया, बल्कि DAV संस्थान की सांस्कृतिक एकता और विविधता में एकता का भी शानदार उदाहरण प्रस्तुत किया।

अंत में मुख्य अतिथि श्री पूनम सूरी ने प्रतियोगिता के औपचारिक शुभारंभ की घोषणा की।

अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग में प्रतियोगिताएं

DAV राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग में किया जा रहा है। खिलाड़ियों के लिए तैराकी, एथलेटिक्स, जूडो, कबड्डी, क्रिकेट, फुटबॉल, ताइक्वांडो, शतरंज और वुशु सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।

वहीं छात्राओं के लिए तैराकी, एथलेटिक्स, जूडो, कबड्डी, क्रिकेट, फुटबॉल, ताइक्वांडो, शतरंज, वुशु, बैडमिंटन, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, खो-खो, स्केटिंग, तीरंदाजी, कुश्ती, लॉन टेनिस, रस्सीकूद, टेबल टेनिस, योग, मुक्केबाजी और भारोत्तोलन सहित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन नोएडा स्टेडियम में किया जा रहा है।

DAV राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में देशभर से आए हजारों युवा खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। यह आयोजन विद्यार्थियों में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता, अनुशासन, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और खेल भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण मंच बनकर सामने आया है।

Sandhya Samay News

संध्या समय न्यूज़ – आपके विश्वास की आवाज़ संध्या समय न्यूज़ की स्थापना वर्ष 2018 में की गई, जो कि MSME में विधिवत रूप से पंजीकृत है। हमारा उद्देश्य समाज तक सटीक, निष्पक्ष और भरोसेमंद समाचार पहुँचाना है। हम देश-प्रदेश की ताज़ा खबरों, सामाजिक मुद्दों, और जनहित से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को आपके सामने सरल और स्पष्ट रूप में प्रस्तुत करते हैं। हम अपने सभी दर्शकों और पाठकों का दिल से आभार व्यक्त करते हैं, जिन्होंने हमें लगातार देखा, समझा और अपना विश्वास बनाए रखा। आपकी यही सराहना और समर्थन हमें और बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित करता है। संध्या समय न्यूज़ हमेशा सत्य, निष्पक्षता और जनसेवा के मूल्यों पर कार्य करता रहेगा।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now