देश में घरेलू रसोई गैस (LPG) की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए केंद्र सरकार ने एक अहम कदम उठाते हुए ‘ज़रूरी वस्तु अधिनियम’ (Essential Commodities Act – ECA) लागू कर दिया है। इस कदम का उद्देश्य पेट्रोकेमिकल उत्पादन पर अस्थायी रोक लगाकर रसोई गैस के उत्पादन को प्राथमिकता देना है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की कमी का सामना न करना पड़े।
क्या है सरकार का आदेश?
पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय द्वारा जारी निर्देश के मुताबिक, अब सभी रिफाइनरियों और पेट्रोकेमिकल यूनिट्स को अपने C3 और C4 स्ट्रीम (जिसमें प्रोपेन, ब्यूटेन, प्रोपलीन और ब्यूटेन शामिल हैं) के पूरे आउटपुट का उपयोग LPG उत्पादन के लिए करना अनिवार्य होगा। सरकार ने इन यूनिट्स पर इन स्ट्रीम्स को पेट्रोकेमिकल प्रोडक्शन या अन्य डाउनस्ट्रीम उपयोग के लिए डायवर्ट करने पर रोक लगा दी है।
सिर्फ घरेलू उपभोक्ताओं को प्राथमिकता
सरकार की मंशा साफ है कि पेट्रोकेमिकल उद्योग की जरूरतों से पहले आम घरेलू उपभोक्ताओं की रसोई गैस की जरूरतों को पूरा किया जाए। आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि इन स्ट्रीम्स की आपूर्ति केवल तीन सरकारी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों—इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (IOC), भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (BPCL) और हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन (HPCL)—को की जाएगी। ये तीनों कंपनियां मिलकर देश में घरेलू LPG का वितरण करती हैं।
फादर्स डे पर विशेष : एक पिता सुपर हीरो का सबसे अच्छा उदाहरण
मंत्रालय ने कहा कि LPG एक ज़रूरी घरेलू ईंधन है और इसकी बिना रुकावट उपलब्धता सुनिश्चित करना सरकारी और जनहित के लिए अनिवार्य है। नए आदेश में यह भी सुनिश्चित किया गया है कि इस व्यवस्था के तहत प्राप्त LPG की सप्लाई सिर्फ़ घरेलू उपभोक्ताओं के लिए ही की जाएगी। यह निर्देश 5 मार्च को जारी पिछले आदेश का स्थान लेगा और अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
ECA क्या है और क्यों ज़रूरी है?
एसेंशियल कमोडिटीज़ एक्ट (ECA), 1955 सरकार को ज़रूरी वस्तुओं की कीमतों पर नियंत्रण रखने, जमाखोरी रोकने और आपूर्ति सुरक्षित करने का अधिकार देता है। हालांकि साल 2020 में संसद ने इसमें संशोधन कर इसे युद्ध, अकाल या असाधारण कीमत वृद्धि जैसी विशेष परिस्थितियों तक सीमित कर दिया था। लेकिन, वर्तमान स्थिति में घरेलू जरूरतों को पूरा करने के लिए सरकार ने इस अधिनियम का इस्तेमाल करते हुए रिफाइनरियों को यह निर्देश दिया है कि वे रसोई गैस के उत्पादन को प्राथमिकता दें।

























