Maharashtra News: प्रदेश में लगातार बढ़ती गर्मी और उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने अनुमान जताया है कि अनुकूल मौसम के चलते इस बार मानसून (Monsoon) समय से पहले और तेजी से आगे बढ़ सकता है। विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिम मानसून 6 जून तक कोंकण में दस्तक दे सकता है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
अगले 48 घंटों में आगे बढ़ेगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, अगले 48 घंटों के दौरान दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण अंडमान सागर, बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों और निकोबार द्वीप समूह की ओर आगे बढ़ सकता है। इसके साथ ही, केरल और अन्य राज्यों में भी मानसून के समय पर पहुंचने की संभावना जताई गई है। आईएमडी ने पहले अनुमान लगाया था कि मानसून 19 मई तक दक्षिण अंडमान सागर में प्रवेश कर जाएगा, जिसके बाद यह देश के प्रवेश द्वार केरल में 31 मई तक पहुंच सकता है।
चक्रवात नहीं होने से मिली राहत
इस वर्ष मानसून के आगमन के दौरान बंगाल की खाड़ी या अरब सागर में कोई चक्रवात नहीं बनने की वजह से मानसून को आगे बढ़ने में कोई बाधा नहीं आ रही है। यही वजह है कि मानसून बिना किसी रुकावट के तेजी से अपनी रफ्तार पकड़ सकता है। आईएमडी वर्ष 2005 से सांख्यिकीय विधियों का उपयोग करके केरल में मानसून के आगमन की तारीख की भविष्यवाणी कर रहा है। सप्ताह के अंत तक अंडमान सागर और अंडमान निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में मानसून के पहुंचने के लिए मौसमी परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।
राहत से पहले महाराष्ट्र में और बढ़ेगी गर्मी
हालांकि, मानसून की आहट के बीच फिलहाल महाराष्ट्र में गर्मी का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 15 मई तक राज्य के कई हिस्सों में तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है। विभाग ने यह भी भविष्यवाणी की है कि 18 मई तक राज्य में तापमान सामान्य से अधिक बना रहेगा।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि मानसून से पहले उमस और गर्मी दोनों में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और गर्मी से बचाव के उपाय करने की सलाह दी जाती है।























