श्रद्धा तिवारी
Godrej Industries: 129 वर्षों की समृद्ध विरासत और भविष्य की महत्वाकांक्षाओं को साथ लेकर चलने वाली गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप ने अपने नए ‘उद्देश्य’ (Purpose) और ब्रांड पहचान का ऐलान किया है। अपने विकासक्रम के एक ऐतिहासिक मोड़ पर, ग्रुप ने अगले पाँच वर्षों (2031 तक) में अपनी कुल मार्केट कैपिटलाइजेशन को ₹5,00,000 करोड़ तक पहुँचाने का बड़ा लक्ष्य रखा है। मुंबई स्थित कंपनी के मुख्यालय ‘गोदरेज वन’ में आयोजित एक मीडिया बैठक में इस नई रणनीति और पहचान का अनावरण किया गया।
नया उद्देश्य और मूल्य
ग्रुप के नए उद्देश्य को 1897 से निरंतर निर्माण, हर आने वाले कल का के रूप में परिभाषित किया गया है। यह विजन कंपनी के संस्थापक अर्देशिर गोदरेज के उस जीवन दर्शन से प्रेरित है, जिसमें आधुनिकता और मूल्यों के बीच संतुलन बनाने पर जोर दिया गया था। इसके साथ ही, ग्रुप ने अपने तीन मुख्य मूल्यों विश्वास जगाना, खुशियाँ बाँटना, और साहसी बनना को फिर से स्थापित किया है।
गोदरेज इंडस्ट्रीज ग्रुप के मनोनीत अध्यक्ष, पिरोजशा गोदरेज ने इस बारे में कहा, “यह हमारे उस विश्वास को दर्शाता है कि मूल्य और परिणाम सदैव साथ चलने चाहिए। जैसे-जैसे हम विस्तार कर रहे हैं, यही विचारधारा हमें ऐसे व्यवसाय खड़ा करने के लिए प्रेरित करेगी जो सफल होने के साथ-साथ जिम्मेदार भी हों।”
वित्तीय लक्ष्य और विस्तार की योजना
पिछले पाँच वर्षों में बिक्री और शुद्ध मुनाफे में 20% से अधिक की CAGR हासिल कर चुके गोदरेज ग्रुप ने अब आगे की राह स्पष्ट कर ली है। ग्रुप का लक्ष्य वार्षिक बिक्री में 15% से अधिक और प्रति शेयर आय (EPS) में 20% से अधिक की वृद्धि हासिल करना है। हर व्यवसाय से ‘स्टेडी स्टेट’ में 18% से अधिक इक्विटी रिटर्न की उम्मीद लगाई गई है। विस्तार की रणनीति के तहत, ग्रुप अपनी वर्तमान तीन सार्वजनिक सूचीबद्ध कंपनियों (कंज्यूमर प्रोडक्ट्स, प्रॉपर्टीज और एग्रोवेट) की संख्या बढ़ाकर पाँच करेगा।
ESG और डायवर्सिटी पर जोर
वित्तीय विकास के साथ-साथ गोदरेज ने पर्यावरण और समाज के लिए भी बड़े लक्ष्य रखे हैं।
- पर्यावरण: ग्रुप ने 2035 तक ‘नेट-जीरो’ ऑपरेशंस और 2047 तक ‘प्लैनेट-पॉजिटिव’ सप्लाई चेन बनाने का लक्ष्य रखा है। (गौरतलब है कि 2025 में डाउ जोन्स सस्टेनेबिलिटी इंडेक्स में गोदरेज की दो कंपनियों ने वैश्विक स्तर पर पहला स्थान हासिल किया था।)
- समावेशिता (DEI): अगले पाँच वर्षों में महिलाओं, LGBTQ+ समुदाय और दिव्यांगजनों के प्रतिनिधित्व को 40% तक पहुँचाने का लक्ष्य रखा गया है।
- परोपकार: गोदरेज फाउंडेशन (जिसके पास ग्रुप की 15% हिस्सेदारी है) ने एक विशाल कैश कॉर्पस बनाया है, जिससे वार्षिक परोपकारी खर्च में पिछले स्तरों की तुलना में 5 गुना वृद्धि की जाएगी।
नई ब्रांड पहचान
इस बदलाव के साथ ही ग्रुप ने अपनी नई ब्रांड पहचान का भी अनावरण किया, जिसे ग्रुप की इन-हाउस डिज़ाइन टीम ‘DISCO’ ने तैयार किया है। यह एक एकीकृत और भविष्योन्मुखी कॉर्पोरेट ब्रांड सिस्टम है, जिसमें एक नई विज़ुअल भाषा, विशिष्ट टाइपोग्राफी (GI Sans), एक विशेष सोनिक पहचान और एक सिग्नेचर सुगंध शामिल की गई है। यह डिजिटल और भौतिक माध्यमों में एक सुसंगत अनुभव प्रदान करेगी।
गोदरेज इंडस्ट्रीज़ की कार्यकारी निदेशक और मुख्य ब्रांड अधिकारी, तान्या दुबाश ने कहा, “यह नई ब्रांड पहचान हमारी मजबूती को और सुदृढ़ करती है। यह हमारे प्रत्येक व्यवसाय को अपने विशिष्ट कार्यों के प्रति समर्पित रहते हुए, एक साझा उद्देश्य से जोड़ती है।”

कंज्यूमर प्रोडक्ट्स से लेकर रियल एस्टेट, फाइनेंशियल सर्विसेज और केमिकल्स तक अपने विविध पोर्टफोलियो वाले गोदरेज ग्रुप का यह कदम उसकी 129 साल पुरानी विरासत को आधुनिक ऊर्जा के साथ नई ऊँचाइयों पर ले जाने का प्रयास है।























