Ghaziabad AC Service Center News: गाजियाबाद जिले के पटेल नगर इलाके में शनिवार की सुबह तड़के एक भीषण आग ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। एयर कंडीशनर (AC) सर्विस सेंटर में लगी इस आग ने इतनी भयावह रूप लिया कि इमारत के अंदर रखे एसी गैस सिलेंडर और कंप्रेसरों में लगातार जोरदार धमाके होने लगे। धमाकों की आवाज से घबराकर आसपास के लोग सोते से जागकर घरों से बाहर निकल आए। इस दर्दनाक हादसे में धुएं से दम घुटने के कारण एक 80 वर्षीय बुजुर्ग की जान गई, वहीं इमारत में खड़े कई वाहन जलकर राख हो गए।
कब और कैसे लगी आग?
सूचना के अनुसार, घटना शनिवार सुबह लगभग 3:05 बजे की है। पटेल नगर स्थित प्लॉट नंबर एफ-87 में ओंकार तोमर के सर्विस सेंटर में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरी तीन मंजिला इमारत आग की लपटों में घिर गई। इमारत के अंदर बड़ी संख्या में एसी गैस सिलेंडर और कंप्रेसर रखे हुए थे, जो आग की चपेट में आकर लगातार ब्लास्ट होने लगे। आग के साथ उठता भयानक धुआं दूर तक दिखाई दे रहा था। घटना घनी आबादी वाले इलाके में होने के कारण आसपास के मकानों तक आग फैलने का गंभीर खतरा बना रहा। स्थानीय लोगों के मुताबिक, धमाकों की आवाज इतनी तेज थी कि लोगों को लगा जैसे किसी फैक्ट्री में बड़ा विस्फोट हो गया हो।
8 दमकल गाड़ियों ने दी टक्कर, बचाई आसपास की इमारतें
सूचना मिलते ही कोतवाली फायर स्टेशन की टीमें मौके पर पहुंचीं। हालात को भयानक देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल भी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान की कमान संभाली। शुरुआत में चार हौज पाइप फैलाकर आग बुझाने का काम शुरू किया गया, लेकिन आग बेकाबू होने के बाद वैशाली, साहिबाबाद और मोदीनगर फायर स्टेशन से भी अतिरिक्त दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। कुल आठ फायर ब्रिगेड की मदद से कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
बीए सेट पहनकर अंदर गए फायरमैन, मिला बुजुर्ग का शव
घने और जहरीले धुएं के कारण फायर कर्मियों को रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दमकल कर्मियों ने बीए (Breathing Apparatus) सेट पहनकर बिल्डिंग के अंदर एंट्री ली और एक-एक हिस्से की तलाशी ली। इसी दौरान ग्राउंड फ्लोर पर एक बुजुर्ग व्यक्ति मृत हालत में मिला। पुलिस ने उनकी पहचान 80 वर्षीय त्रिलोकी नाथ के रूप में की है। शुरुआती जांच में बताया जा रहा है कि भयानक आग से फैले धुएं के कारण दम घुटने से उनकी मौत हुई है।
करोड़ों का सामान जलकर राख
इस दर्दनाक हादसे में जान के साथ-साथ बड़ी संपत्ति का भी नुकसान हुआ है। बिल्डिंग के अंदर खड़े दो चारपहिया वाहन (कारें) और करीब दस बाइकें आग की चपेट में आकर पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। मुख्य अग्निशमन अधिकारी राहुल पाल ने बताया, “समय रहते फायर टीम ने आग पर काबू पा लिया, वरना घनी आबादी वाले इलाके में आसपास की इमारतों को भी भारी नुकसान हो सकता था।” फिलहाल, पुलिस और फायर विभाग आग लगने के सटीक कारणों की जांच कर रहे हैं।
























