बिहार के गयाजी जिले में बुधवार और गुरुवार की मध्यरात्रि एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। डोभी-पटना फोरलेन सड़क पर बोधगया थाना क्षेत्र के सिजुआ गांव के पास कार और ट्रक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भयावह थी कि कुछ ही देर में कार आग की लपटों में घिर गई। इस हादसे में कार में सवार दो लोगों की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि वाहन चालक गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को इलाज के लिए मगध मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल घायल का इलाज जारी है। वहीं, मृतकों की पहचान अब तक नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी पहचान करने के प्रयास में जुटी हुई है।
डीजल टैंक से टकराई कार
जानकारी के अनुसार, यह हादसा रात करीब डेढ़ बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, एक दस चक्का ट्रक खाद लेकर सिजुआ गांव की तरफ से सर्विस लेन के रास्ते फोरलेन पर आ रहा था। इसी दौरान डोभी की ओर से पटना की तरफ जा रही तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ट्रक के दाहिने हिस्से में स्थित डीजल टैंक से टकरा गई।
टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का डीजल टैंक क्षतिग्रस्त हो गया और देखते ही देखते दोनों वाहनों में आग फैल गई। कार में आग लगने के बाद अंदर बैठे लोग बाहर नहीं निकल सके। कुछ ही मिनटों में आग ने पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया और उसमें मौजूद दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई।
हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी फरार
घटना के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस दोनों की तलाश कर रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। आग बुझने के बाद कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी, जबकि ट्रक का भी काफी हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।

स्थानीय लोगों की सूचना पर बोधगया थाना पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस टीम में अपर थानाध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह और एएसआई नीरज कुमार सिंह समेत अन्य जवान शामिल थे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और हादसे से जुड़े साक्ष्य जुटाए।
कार से मिली शराब की खाली बोतलें
पुलिस को जली हुई कार से कुछ खाली शराब की बोतलें भी मिली हैं। हालांकि, पुलिस ने इस मामले में अभी कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला है। शराब की बोतलों की बरामदगी के बाद पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
अधिकारियों का कहना है कि मृतकों और घायल व्यक्ति की पहचान होने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि कार में कितने लोग सवार थे और वे कहां से आ रहे थे।
क्रेन और जेसीबी की मदद से हटाए गए वाहन
हादसे के बाद फोरलेन पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित हुआ। गुरुवार सुबह पुलिस और प्रशासन की टीम ने जेसीबी और क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया। इसके बाद यातायात व्यवस्था सामान्य हो सकी।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दुर्घटना की जांच कई स्तरों पर की जा रही है। ट्रक चालक और खलासी की तलाश के साथ-साथ मृतकों की पहचान के लिए भी प्रयास जारी हैं। आसपास के थानों और संबंधित विभागों से संपर्क कर जानकारी जुटाई जा रही है।






















