संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉ. महेश शर्मा ने बुधवार को अपना नामांकन दाखिल किया। डॉ. महेश शर्मा इससे पहले लगातार दो बार गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट से सांसद रह चुके हैं। इस बार वह तीसरी बार चुनाव मैदान में हैं। उनके नामांकन के दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
डॉ. महेश शर्मा ने तीसरी बार किया नामांकन
भाजपा प्रत्याशी डॉ. महेश शर्मा ने गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। इस मौके पर पार्टी के कई दिग्गज नेताओं ने भी शिरकत की।
नामांकन के बाद डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि देश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने जा रही है। उन्होंने लोकसभा चुनाव में भाजपा के 400 से अधिक सीटें जीतने का दावा किया।
पीएम मोदी और सीएम योगी की तारीफ
डॉ. महेश शर्मा ने कहा कि देश की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से बेहद लगाव रखती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि भाजपा की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी एक अलग पहचान बन रही है। डॉ. महेश शर्मा ने भरोसा जताया कि एक बार फिर नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी।
नामांकन में शामिल हुए डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक
डॉ. महेश शर्मा के नामांकन के दौरान उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक भी मौजूद रहे। उन्होंने गौतमबुद्ध नगर की जनता से डॉ. महेश शर्मा को एक बार फिर बड़ी संख्या में वोट देकर लोकसभा भेजने की अपील की।
ब्रजेश पाठक ने भाजपा कार्यकर्ताओं से भी चुनाव में पूरी ताकत के साथ जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डॉ. महेश शर्मा को चुनाव में बड़ी जीत दिलाने के लिए गौतमबुद्ध नगर की जनता के साथ-साथ भाजपा के प्रत्येक कार्यकर्ता को जिम्मेदारी निभानी होगी।
गौतमबुद्ध नगर में चुनावी मुकाबला हुआ तेज
डॉ. महेश शर्मा का नामांकन होने के साथ ही गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर चुनावी गतिविधियां और तेज हो गई हैं। भाजपा ने एक बार फिर डॉ. महेश शर्मा पर भरोसा जताया है। नामांकन के दौरान पार्टी नेताओं ने उनकी जीत को लेकर विश्वास जताया।
डॉ. महेश शर्मा के नामांकन के दौरान भाजपा नेता और राज्य सभा सांसद सुरेंद्र सिंह नागर, नोएडा विधायक पंकज सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, जेवर विधायक ठाकुर धीरेंद्र सिंह, भाजपा नेता नरेंद्र भाटी, पूर्व मंत्री नवाब सिंह नागर, महिला आयोग की अध्यक्ष बिमला बाथम, एमएलसी श्रीचंद शर्मा, महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता, प्रसिद्ध शिक्षाविद् आनंद चौहान, महामंत्री उमेश त्यागी, गणेश जाटव, एनपी सिंह, रविकांत मिश्रा, डिंपल आनंद, मनीष शर्मा, रामनिवास यादव और ओमवीर अवाना समेत कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



























