संध्या समय न्यूज
Delhi News : दिल्ली के नरेला इलाके में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई सनसनीखेज मुठभेड़ ने राजधानी में गैंगवार की बड़ी साजिश को नाकाम कर दिया है। आउटर नॉर्थ दिल्ली की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) टीम ने एक साहसिक ऑपरेशन के दौरान कुख्यात गोगी गैंग के शार्प शूटर को दबोचने में सफलता हासिल की है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में बदमाश घायल हुआ है, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
पुलिस ने बिछाया था जाल
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गोगी गैंग के तीन सक्रिय बदमाश अपाचे बाइक पर सवार होकर नरेला इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। बदमाशों के पास अवैध हथियार होने की भी पुख्ता खबर थी। इस सूचना के मिलते ही AATS टीम ने इलाके में जाल बिछाया और संदिग्धों की घेराबंदी शुरू कर दी। जैसे ही बाइक सवार बदमाश नरेला के पास पहुंचे, पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया।
दोनों तरफ से हुई फायरिंग
पुलिस को सामने देख बदमाशों ने आत्मसमर्पण करने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी। अपराधियों ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए करीब चार राउंड गोलियां चलाईं। अपनी रक्षा और बदमाशों को काबू करने के लिए पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। पुलिस की ओर से की गई तीन राउंड फायरिंग में कुख्यात शूटर अक्षय उर्फ टैक्सी के पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही वह असंतुलित होकर बाइक से गिर पड़ा, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया।
शनाया कपूर-आदर्श गौरव की ‘तू या मैं’ फ्लॉप, जानें लाइफटाइम कलेक्शन?
तीनों आरोपी पुलिस के कब्जे में
पुलिस ने घायल अक्षय को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया है। वहीं, मौके से भागने की कोशिश कर रहे उसके दो अन्य साथियों को भी कड़ी मशक्कत के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पकड़े गए आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इन बदमाशों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे किस विशिष्ट व्यक्ति या स्थान को निशाना बनाने वाले थे।





















