संदीप कुमार गर्ग संवाददाता
नोएडा। नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए पुलिस कमिश्नरेट की ओर से बड़ा कदम उठाया गया है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने शुक्रवार को हरी झंडी दिखाकर 26 ईगल मोबाइल बाइक को रवाना किया। इन ईगल मोबाइल को पुलिस कमिश्नरेट के सभी थानों में तैनात किया जाएगा।
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि महिला थाने को छोड़कर सभी थानों को एक-एक ईगल मोबाइल बाइक दी गई है। प्रत्येक ईगल मोबाइल पर दो पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इन पुलिसकर्मियों को विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है। इसके लिए उनकी वर्कशॉप आयोजित की गई थी।
अपराधियों की निगरानी और इंटेलिजेंस जुटाना होगा मुख्य काम
पुलिस कमिश्नर ने बताया कि ईगल मोबाइल सामान्य पुलिस बाइक से अलग है। इसे पुलिस की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विशेष रूप से तैयार किया गया है। इसका मुख्य उद्देश्य थाना क्षेत्र में होने वाली आपराधिक और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी जुटाना होगा।
ईगल मोबाइल पर तैनात पुलिसकर्मी क्रिमिनल इंटेलिजेंस जुटाने, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और थाना क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने का काम करेंगे।
जेल से छूटे अपराधियों का होगा सत्यापन
ईगल मोबाइल टीम के जिम्मे जेल से छूटे अपराधियों के संबंध में जानकारी जुटाना और उनका सत्यापन करना भी रहेगा। पुलिसकर्मी क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों और संदिग्ध गतिविधियों के बारे में लगातार जानकारी एकत्र करेंगे, जिससे अपराध पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाया जा सके।
पुलिस का मानना है कि ईगल मोबाइल की तैनाती से थाना क्षेत्रों में पुलिस की सक्रियता बढ़ेगी और अपराधियों की निगरानी के साथ-साथ सुरक्षा व्यवस्था को और बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।


























