संध्या समय न्यूज
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने आम जनता की समस्याओं के त्वरित और पारदर्शी समाधान के लिए एक बड़ा कदम उठाते हुए ‘सीएम जन सुनवाई पोर्टल’ और मोबाइल ऐप का शुभारंभ किया है। इस नई पहल से अब दिल्लीवासियों को सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं होगी और वे अपनी शिकायतों का निस्तारण घर बैठे अपने मोबाइल से ही करवा सकेंगे।
15 दिन में मिलेगा समाधान
सीएम रेखा गुप्ता ने स्पष्ट किया कि इस पोर्टल पर दर्ज हर शिकायत का समाधान 15 दिनों के अंदर सुनिश्चित किया जाएगा। भाजपा सरकार का लक्ष्य प्रशासन को और अधिक जवाबदेह बनाना है। शिकायतकर्ताओं को उनकी शिकायत की स्थिति की जानकारी समय-समय पर उनके मोबाइल पर मिलती रहेगी, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालय जाने की परेशानी नहीं होगी। यदि किसी स्तर पर देरी होती है, तो उसकी सख्त निगरानी की जाएगी और संबंधित अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया जाएगा।
घर बैठे मिलेंगी दर्जनों सुविधाएं
इस पोर्टल और ऐप के माध्यम से नागरिक ई-डिस्ट्रिक्ट सेवाओं से जुड़ी समस्याओं के साथ-साथ ईडब्ल्यूएस (EWS), डीजी (DG) और सीडब्ल्यूएसएन (CWSN) श्रेणियों से संबंधित शिकायतें भी ऑनलाइन दर्ज करा सकेंगे। इसके जरिए दिल्ली सरकार की करीब 75 सेवाओं का लाभ ऑनलाइन उठाया जा सकेगा।
‘टॉक्सिक’: यश के ‘टिकट’ अवतार ने मचाई धूम
डिजिटल विभाजन को करना होगा खत्म
उन नागरिकों के लिए भी खुशखबरी है जिनके पास स्मार्टफोन या इंटरनेट की सुविधा नहीं है। सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि इन सेवाओं को कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) से भी जोड़ा गया है, ताकि तकनीक से वंचित वर्ग भी आसानी से सरकारी सेवाओं का लाभ उठा सके। डिजिटल सेवा पोर्टल को भी इससे जोड़कर एक ‘सिंगल प्लेटफॉर्म’ की व्यवस्था की गई है, जिससे नागरिकों को अलग-अलग विभागों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
कांग्रेस पर निशाना
कार्यक्रम के दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने युवा कांग्रेस के हालिया प्रदर्शन पर भी प्रतिक्रिया व्यक्त की। उन्होंने इसे ‘दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय’ करार दिया। उन्होंने कहा कि जब देश तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ रहा है, ऐसे में इस तरह के प्रदर्शन देश की छवि को नुकसान पहुंचाते हैं।


















