Delhi News: दिल्ली एक बार फिर आधी रात गोलियों की आवाज से दहल उठी। सेंट्रल दिल्ली के करोल बाग इलाके में देर रात दिल्ली पुलिस की स्पेशल स्टाफ और दो कुख्यात बदमाशों के बीच दहशतनाक मुठभेड़ हुई। पुलिस ने बदमाशों के पैरों में गोली मारकर उन्हें ‘हाफ एनकाउंटर’ में घायल कर गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई उस केस से जुड़ी है, जहां अप्रैल महीने में करोल बाग में फायरिंग की वारदात को अंजाम देकर ये आरोपी फरार चल रहे थे।
कैसे हुई आमना-सामना की घटना?
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, स्पेशल स्टाफ को गुप्त सूचना मिली थी कि अप्रैल महीने के करोल बाग फायरिंग केस के फरार आरोपी शिवम और साहिल इलाके में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने आने वाले हैं। इसके बाद पुलिस ने सादी वर्दी में देर रात ट्रैप लगाया। जैसे ही दोनों संदिग्ध बाइक पर मौके पर पहुंचे, पुलिस ने उन्हें घेर लिया और सरेंडर करने को कहा। लेकिन खुद को घिरता देख दोनों बदमाशों ने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर सीधे फायरिंग शुरू कर दी।
हालात बिगड़ते देख पुलिस ने भी जवाबी मोर्चा संभाला। इस दौरान पुलिस ने बेहद सतर्कता बरतते हुए दोनों बदमाशों के पैरों में गोली मारी, जिससे वे घायल हो गए और पुलिस ने उन्हें काबू कर लिया। देर रात चली इस फायरिंग ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी और लोग घरों से बाहर निकल आए। कुछ देर तक करोल बाग पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया।
अप्रैल वाले केस से जुड़ा है सारा मामला
पुलिस जांच में सामने आया है कि शिवम और साहिल वही आरोपी हैं, जो अप्रैल में करोल बाग में एक व्यक्ति पर फायरिंग करने के बाद फरार हो गए थे। उस मामले में इनके बाकी साथी पहले ही जेल में हैं, लेकिन ये दोनों लगातार ठिकाने बदल रहे थे। पुलिस को शक था कि इनके पास अवैध हथियार हैं और ये किसी नई आपराधिक घटना की फिराक में हैं। अगर समय रहते कार्रवाई नहीं होती, तो ये कोई बड़ी वारदात को अंजाम दे सकते थे।
मुठभेड़ के बाद क्या हुआ?
मुठभेड़ के दौरान आत्मरक्षा और आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस को जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी। दोनों के पैरों में गोली लगने के बाद उन्हें मौके पर ही दबोच लिया गया। पुलिस ने घटनास्थल से अवैध हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं। घायलालत में दोनों आरोपियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनसे पूछताछ शुरू कर दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ये दोनों किस गैंग से जुड़े हैं और इनके अन्य कौन-कौन से साथी फरार हैं।

















