Delhi News: नई दिल्ली में हिंदी फिल्म ‘कृष्णावतरम भाग 1 – हृदय हृदयम्’ की एक भव्य विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भक्ति और सिनेमा के अनूठे संगम के रूप में देखा गया, जहां राजनीति, प्रशासन, कला और समाज जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियों ने शिरकत की। पूरा माहौल श्री कृष्ण भक्ति और भारतीय संस्कृति के रंगों में रंगा नजर आया।
दिव्य वातावरण और दर्शकों का उत्साह
कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश करते ही ‘राधे-राधे’ और ‘जय श्री कृष्णा’ के मधुर भजनों ने वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण कर दिया। कनेर के सुंदर फूलों से सजे ऑडिटोरियम में दर्शकों को ऐसा अहसास हुआ मानो वे किसी दिव्य उत्सव का हिस्सा बन गए हों। फिल्म की कई भावनात्मक और भक्ति से भरपूर दृश्यों पर दर्शकों ने तालियों और जयघोष के साथ अपनी भावनाओं का इजहार किया।
कलाकारों के शानदार प्रदर्शन पर खूब वाहवाही
फिल्म में भगवान श्रीकृष्ण की भूमिका निभा रहे देहरादून के सिद्धार्थ गुप्ता ने अपने प्रभावशाली अभिनय से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। वहीं, सत्यभामा के किरदार में संस्कृती जयना बेहद आकर्षक और प्रभावशाली नजर आईं। फिल्म के निर्माता सज्जन राज कुरुप ने मेहमानों और मीडिया से मुलाकात कर फिल्म के निर्माण के पीछे की भावना साझा की।
सीएम योगी ने की सराहना, यूपी में फिल्म टैक्स-फ्री
मीडिया से बातचीत करते हुए निर्माता सज्जन राज कुरुप ने बताया कि फिल्म को देशभर से भरपूर प्यार मिल रहा है और यह सफलतापूर्वक दूसरे सप्ताह में प्रवेश कर चुकी है। उन्होंने खुशी जताई कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने फिल्म को देखने के बाद इसकी सराहना की है और इसे उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री घोषित कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह पूरी टीम के लिए गर्व और आशीर्वाद जैसा है।
संत समाज ने दिया आशीर्वाद
सज्जन राज कुरुप ने आगे बताया कि देश के कई बड़े संतों और महामंडलेश्वरों ने फिल्म के ट्रेलर को देखकर अपना आशीर्वाद दिया है। इनमें श्री प्रेमानंद महाराज, श्री कैलाशानंद गिरि महाराज, श्री बालकानंद गिरि महाराज और श्री श्री रवि शंकर जैसे प्रतिष्ठित आध्यात्मिक गुरु शामिल हैं। विशेष रूप से, श्री प्रेमानंद महाराज ने फिल्म का ट्रेलर देखने के बाद 1100 रुपये भेंट कर पूरी टीम को विशेष आशीर्वाद प्रदान किया, जिसे फिल्म की सफलता का शुभ संकेत माना जा रहा है।
भारतीय संस्कृति का उत्सव
सज्जन राज कुरुप ने कहा, “भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं अपरंपार हैं। यह फिल्म केवल एक सिनेमा नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, श्रद्धा और भावनाओं का उत्सव है। दर्शकों और संत समाज से मिल रहा प्यार हमारे लिए सबसे बड़ा आशीर्वाद है।”
भाग 2 की घोषणा से बढ़ा उत्साह
फिल्म की सफलता के बीच निर्माता ने एक बड़ी खुशखबरी देते हुए खुलासा किया कि फिल्म के दूसरे भाग की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं और जल्द ही इसकी शूटिंग प्रारंभ की जाएगी। इस घोषणा के बाद दर्शकों और कृष्ण भक्तों के बीच फिल्म को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है।
दिल्ली में आयोजित यह विशेष संध्या हर उपस्थित व्यक्ति के लिए यादगार रही। ‘कृष्णावतरम भाग 1 – हृदय हृदयम्’ लगातार दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बना रही है और हर वर्ग के लोग इस फिल्म को अपने परिवार के साथ देखने पहुंच रहे हैं।
























