Delhi News: दिल्ली के आरके पुरम विधानसभा क्षेत्र में बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से एक विशेष साइकिल वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने शिरकत की और इस दौरान सीएम रेखा गुप्ता ने 10वीं और 12वीं कक्षा की परीक्षा उत्तीर्ण करने वाली मेधावी छात्राओं को निःशुल्क साइकिलें वितरित कर उनका हौसला बढ़ाया। कार्यक्रम में छात्राओं और उनके अभिभावकों के चेहरों पर खुशी साफ देखी जा सकती थी। सीएम रेखा गुप्ता ने इस मौके पर कहा कि बेटियों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए ऐसे प्रयास बेहद जरूरी हैं।
‘आज की बेटियां नए भारत की ताकत’
बता दें कि साइकिल वितरण समारोह को संबोधित करते हुए सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि आज की बेटियां नए भारत की ताकत हैं। चाहे शिक्षा हो, विज्ञान, खेल, सेना या प्रशासन, हर क्षेत्र में बेटियां देश का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा, “ये बेटियां सिर्फ अपने परिवार की उम्मीद नहीं, बल्कि देश के भविष्य की मजबूत नींव हैं।” उनका कहना था कि देश की बेटियां आज हर क्षेत्र में नए भारत की शक्ति बनकर उभर रही हैं।
आज आर.के. पुरम विधानसभा क्षेत्र की 10वीं एवं 12वीं कक्षा उत्तीर्ण मेधावी बेटियों को निःशुल्क साइकिलें प्रदान की गईं। हमारी ये बेटियां अपने परिवार, पूरे राष्ट्र के सपनों और संकल्पों की वाहक हैं।
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी के नेतृत्व में आज देश की बेटियां शिक्षा,… pic.twitter.com/oAexTqnFDK
— Rekha Gupta (@gupta_rekha) May 16, 2026
सुरक्षित और सुगम आवागमन के लिए साइकिल
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि साइकिल वितरण जैसी पहल छात्राओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा देने के साथ-साथ अभिभावकों की चिंताओं को भी कम करती है। उन्होंने कहा कि जब बेटियों को सही अवसर और संसाधन मिलते हैं, तो वे हर चुनौती को पार कर सफलता की नई मिसाल कायम करती हैं। उन्होंने कहा कि 10वीं और 12वीं पास करने वाली छात्राओं को साइकिलें दी गई हैं ताकि वे अपनी पढ़ाई सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के साथ जारी रख सकें।
गर्मियों की छुट्टी के बाद 9वीं की छात्राओं को मिलेंगी साइकिलें
इस अवसर पर सीएम रेखा गुप्ता ने एक बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार ने फैसला लिया है कि सरकारी विद्यालयों में कक्षा 9 में प्रवेश लेने वाली सभी छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने बताया कि गर्मियों की छुट्टी के बाद छात्राओं को साइकिल वितरण की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
इस मौके पर सीएम रेखा गुप्ता ने इस पहल के लिए विधायक अनिल शर्मा और रोटरी क्लब दिल्ली इंपीरियल का विशेष रूप से आभार जताया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत कार्यवाह अनिल गुप्ता, जिला अध्यक्ष रविन्द्र चौधरी, पार्षद धर्मवीर सिंह समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





















