संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। डीएवी पब्लिक स्कूल नोएडा में गुरुवार को विश्व धरोहर दिवस के उपलक्ष्य में रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को ऐतिहासिक विरासतों और धरोहरों के संरक्षण के महत्व के प्रति जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत विश्व धरोहरों के संरक्षण और संवर्धन के महत्व पर संवाद एवं चर्चा के साथ हुई। इसके बाद छात्रों ने विश्व धरोहर दिवस मनाने की परंपरा, इसके उद्देश्य और इसके महत्व को आकर्षक एवं रोचक अंदाज में प्रस्तुत किया।
लघु नाटिका से दिया जागरूकता का संदेश
विद्यार्थियों ने लघु नाटिका के माध्यम से धरोहर संरक्षण और जन-जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया। नाटिका के जरिए छात्रों ने लोगों को ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक धरोहरों की सुरक्षा के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में बच्चों ने रंग-बिरंगे परिधानों में मनमोहक नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। उनकी आकर्षक प्रस्तुतियों ने समारोह में उत्साह और उमंग का माहौल बना दिया।
प्रधानाचार्या ने दी बैसाखी की शुभकामनाएँ
इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती उपासना शर्मा एवं सभी अध्यापकों ने विद्यार्थियों को बैसाखी की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं। उन्होंने विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति, परंपराओं और ऐतिहासिक विरासतों के महत्व को समझने तथा इनके संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय में आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों में सांस्कृतिक एवं सामाजिक परंपराओं के प्रति जागरूकता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजन बच्चों को अपनी समृद्ध विरासत से जोड़ने के साथ-साथ उसके संरक्षण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने की प्रेरणा भी देते हैं।



























