Delhi News: देश में पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव संपन्न होते ही महंगाई का बोलबाला शुरू हो गया है। पेट्रोल, डीजल और सीएनजी के दामों में भारी बढ़ोतरी और इससे पहले दूध के दाम बढ़ने से आम जनता परेशान है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली में जमकर हल्लाबोल मचाया है। दिल्ली के कालकाजी इलाके में स्थित एक पेट्रोल पंप पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया और बढ़ती महंगाई को लेकर नारेबाजी की।
चुनाव के बाद खुला महंगाई का पिटारा
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव शिल्पी अरोरा ने प्रदर्शन के दौरान कहा कि जैसे ही पांच राज्यों का चुनाव खत्म हुआ, वैसे ही देश में महंगाई बढ़ने लगी है।” उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने चुनाव से पहले जनता को गुमराह किया और जैसे ही वोटिंग हुई, महंगाई का बम फोड़ दिया गया। पहले दूध के दाम बढ़ाए गए और अब डीजल, पेट्रोल व सीएनजी के दामों में भारी वृद्धि कर दी गई है।
बता दें कि हाल ही में पेट्रोल और डीजल के दाम में 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है, जबकि सीएनजी के दाम में 2 रुपये का इजाफा हुआ है। इससे ठीक पहले गुरुवार को दूध के दामों में भी 2 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई थी, जिससे आम आदमी का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है।
राहुल गांधी की बात नहीं सुनी गई- ज्योत्सना गोगिया
अखिल भारतीय महिला कांग्रेस से राष्ट्रीय कोऑर्डिनेटर ज्योत्सना गोगिया ने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि देश के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पिछले 6 महीने से लगातार चेतावनी दे रहे थे कि देश में महंगाई बहुत बढ़ रही है। लेकिन सरकार ने उनकी बात नहीं सुनी और उन्हें ‘देशद्रोही’ तक करार दिया। उन्होंने कहा कि आज जो परिणाम सामने है, वह उसी का परिणाम है।
गोगिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अब जब चुनाव खत्म हो गए हैं, तो प्रधानमंत्री सामने आकर लोगों से अपील कर रहे हैं कि गोल्ड मत खरीदिए और गाड़ियों का ज्यादा प्रयोग मत करिए। उन्होंने सवाल उठाया कि जब सरकार को ही महंगाई का पता था, तो उसने पहले क्यों नहीं सोचा?
पीएम को सिर्फ चुनावों की चिंता: कांग्रेस
प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश की जनता की कोई चिंता नहीं है। उन्हें सिर्फ चुनाव जीतने की चिंता रहती है। चुनाव जीत जाने के बाद जनता की परवाह किए बिना ही महंगाई बढ़ा दी जाती है।
एक अन्य कार्यकर्ता सुभाष ने कहा कि जब से देश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनी है, तब से महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है। अभी फिर डीजल और पेट्रोल के दाम बढ़ गए हैं और इससे पहले दूध के दाम भी बढ़ाए गए थे। आम आदमी इस महंगाई से त्रस्त है। कांग्रेस ने सरकार से पेट्रोल, डीजल और अन्य आवश्यक वस्तुओं की बढ़ी हुई कीमतों को तुरंत वापस लेने की मांग की है।





















