संध्या समय न्यूज संवाददाता
अजमेर। ब्लॉक स्तरीय गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर में हंगामा करने के मामले में पूर्व शिक्षा राज्यमंत्री व प्रदेश कांग्रेस कमेटी उपाध्यक्ष नसीम अख्तर, उनके पति कांग्रेस नेता हाजी इंसाफ अली व पुत्र सहित अन्य 15-20 जनों के खिलाफ सिविल लाइन थाने में मामला दर्ज कराया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति के विकास अधिकारी की ओर से राजकार्य में बाधा डालने व अभद्र व्यवहार करने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
मामले की पूरी जानकारी
अजमेर ग्रामीण पंचायत समिति के विकास अधिकारी विजयसिंह चौहान की ओर से दी गई शिकायत के अनुसार, रीट कार्यालय में शांति एवं अहिंसा विभाग तथा महात्मा गांधी जीवन दर्शन समिति के तत्वावधान में ब्लॉक स्तरीय गांधी दर्शन प्रशिक्षण शिविर चल रहा था।
इसी दौरान नसीम अख्तर, हाजी इंसाफ अली, पुत्र अरशद, माजिद कमांडो और मुकेश समेत 15-20 लोग अचानक वहां पहुंचे और शिविर में हंगामा शुरू कर दिया। सिविल लाइन थाना प्रभारी दलबीरसिंह फौजदार ने बताया कि विकास अधिकारी की रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सरकारी कामकाज में बाधा डालने और अन्य सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।


























