Delhi NCR News: दिल्ली एनसीआर में 4 दिन से चल रहे आदोलन ने आज उग्र रुप ले लिया है जिससे यातायात को पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया है। नोएडा फेज 2 स्थित एक निजी कंपनी के श्रमिकों द्वारा वेतन वृद्धि और ओवरटाइम के भुगतान को लेकर किए जा रहे प्रदर्शन के कारण चिल्ला बॉर्डर से लेकर नोएडा लिंक रोड तक भारी जाम लग गया है।
पूरा मामला क्या है?
बता दें कि कि नोएडा फेज 2 में स्थित एक निजी फैक्ट्री के कर्मचारियों ने अपनी कई मांगों को लेकर आज धरना प्रदर्शन शुरू किया। इन श्रमिकों की प्रमुख मांगों में सैलरी में बढ़ोतरी और ओवरटाइम के घंटों का उचित भुगतान शामिल है। प्रदर्शन के दौरान श्रमिकों की भीड़ ने सड़कों पर जाम लगा लिया, जिसके चलते आसपास के इलाकों में भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई।
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
इस बवाल और जाम को देखते हुए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने तत्काल यात्रियों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक पोस्ट कर लोगों को अलर्ट किया है। पुलिस के मुताबिक, “निजी फैक्ट्रियों के मजदूरों के चल रहे आंदोलन के कारण नोएडा में ट्रैफिक बुरी तरह प्रभावित हुआ है। प्रदर्शनकारियों ने चिल्ला बॉर्डर (दिल्ली साइड) से आने वाली नोएडा लिंक रोड को पूरी तरह से ब्लॉक कर दिया है। चिल्ला बॉर्डर से नोएडा की ओर ट्रैफ़िक की आवाजाही बुरी तरह प्रभावित है।”
इन रास्तों से बचें (Alternative Routes)
बता दें कि जिन लोगों को आज दिल्ली से नोएडा या उसके आसपास जाना है, उन्हें चिल्ला बॉर्डर के रास्ते का इस्तेमाल बिल्कुल नहीं करना चाहिए। यात्रियों को सलाह दी जा रही है कि वे अपनी सुविधानुसार वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करें:
- डीएनडी (DND): दिल्ली से नोएडा सेक्टर-18, 15 या 12 जाने वाले लोग डीएनडी फ्लाईवे का रास्ता अपना सकते हैं।
- कालिंदी कुंज: यदि आपको नोएडा एक्सप्रेसवे या फेज-1, 2 की तरफ जाना है, तो कालिंदी कुंज बॉर्डर से होकर गुजरना बेहतर रहेगा।
- महामाया फ्लाईओवर: जो लोग ग्रेटर नोएडा या यूपी गेट की तरफ जा रहे हैं, वे आईटीओ या गाजीपुर होकर महामाया फ्लाईओवर का रास्ता अपना सकते हैं।
बता दें कि स्थानीय पुलिस और ट्रैफिक पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं और भीड़ को शांत कराने तथा यातायात को सुचारू करने का प्रयास किया जा रहा है। यात्रियों से अपील की जा रही है कि वे सड़क पर शांति बनाए रखें और पुलिस के निर्देशों का पालन करने का अग्रह किया है।
























