संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। चार पहिया वाहनों के शीशों पर ब्लैक फिल्म का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नोएडा पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। नोएडा एवं ग्रेटर नोएडा में ब्लैक फिल्म वाले वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के दौरान पुलिस ऐसे वाहनों की चेकिंग कर एमवी एक्ट के तहत चालान काट रही है।
चरखा गोल चक्कर के आसपास चला विशेष वाहन चेकिंग अभियान
रविवार को नोएडा जोन के एसीपी-वन नोएडा प्रवीण कुमार सिंह की अगुवाई में थाना सेक्टर-126 क्षेत्र के अंतर्गत चरखा गोल चक्कर के आसपास भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीम ने चार पहिया वाहनों की जांच की और शीशों पर ब्लैक फिल्म लगी मिलने पर वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की।
ब्लैक फिल्म मिलने पर मौके पर ही हटाई गई
अभियान के तहत ब्लैक फिल्म का इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम (MV Act) के अंतर्गत कार्रवाई की गई। पुलिस ने चालान काटने के साथ ही वाहनों के शीशों पर लगी ब्लैक फिल्म को मौके पर ही हटवाया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
पीसीआर और पीआरवी वाहनों से लगातार पेट्रोलिंग के निर्देश
अभियान के दौरान थाना प्रभारी को निर्देशित किया गया कि क्षेत्र में सभी पीसीआर और पीआरवी वाहनों द्वारा लगातार पेट्रोलिंग की जाए। पुलिस को संदिग्ध प्रतीत होने वाले वाहनों की विशेष निगरानी करने और जरूरत पड़ने पर बैरिकेड लगाकर वाहनों की चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
नोएडा पुलिस का ब्लैक फिल्म के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहने की संभावना है। पुलिस की ओर से वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की अपील की गई है। विशेष रूप से चार पहिया वाहनों के शीशों पर नियमों के विपरीत ब्लैक फिल्म लगाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
























