ऋषि तिवारी
नोएडा। नई दिल्ली स्थित त्यागराज स्टेडियम में स्टेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतियोगिता में सेक्टर-20 नोएडा स्थित ब्रह्मानंद पब्लिक स्कूल ने उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यालय के खिलाड़ियों ने वॉलीबॉल और टेबल टेनिस दोनों प्रतियोगिताओं में शानदार खेल का प्रदर्शन कर कई पदक अपने नाम किए।
गौरतलब है कि इससे पहले दिसंबर 2023 में गाजियाबाद स्थित महामाया स्टेडियम में आयोजित प्रादेशिक स्तर के टूर्नामेंट में विद्यालय की वॉलीबॉल अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 बालक टीमों तथा अंडर-17 बालिका टीम ने गोल्ड मेडल जीतकर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया था।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में विद्यालय की अंडर-14 और अंडर-17 बालक टीमों ने क्वार्टर फाइनल तक का शानदार सफर तय किया। वहीं अंडर-19 बालक टीम सेमीफाइनल में राजस्थान के खिलाफ रोमांचक मुकाबले में हारकर पदक की दौड़ से बाहर हो गई।
दूसरी ओर, अंडर-17 बालिका टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल तक का सफर तय किया। टीम की खिलाड़ी हर्षिता पंत, छवि पुंढीर, छाया पुंढीर, इशिता पंत, स्नेहा मिश्रा और रिया सिंह ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन किया। सेमीफाइनल में महाराष्ट्र की टीम को हराकर फाइनल में जगह बनाई और अंततः सिल्वर मेडल जीतकर विद्यालय और उत्तर प्रदेश का गौरव बढ़ाया।
वहीं टेबल टेनिस प्रतियोगिता में विद्यालय के खिलाड़ियों प्रतीक वर्मा, हेमंत वर्मा और दक्ष राज ने भी शानदार प्रदर्शन किया। तीनों खिलाड़ियों ने कुल तीन पदक जीतकर विद्यालय का नाम रोशन किया, जिनमें एक सिल्वर और दो ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं।
विद्यालय प्रबंधन ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस शानदार प्रदर्शन से विद्यालय, अभिभावकों और पूरे नोएडा क्षेत्र में खुशी का माहौल है।



























