भवेश कुमार
पटना । बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की तीसरे चरण की शिक्षक भर्ती परीक्षा (TRE-3) को लेकर महत्वपूर्ण अपडेट सामने आया है। मार्च 2024 में परीक्षा के पेपर लीक होने के बाद इसे रद्द कर दिया गया था। अब BPSC TRE-3 पुनर्परीक्षा 2024 का आयोजन दोबारा किया जा रहा है। आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक पुनर्परीक्षा 19 जुलाई से 22 जुलाई के बीच आयोजित होगी।
बीपीएससी टीआरई-3 की पुनर्परीक्षा के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 19 जुलाई को कक्षा 6 से 8वीं तक के शिक्षकों के पदों के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा में संबंधित पदों के लिए आवेदन करने वाले अभ्यर्थी शामिल होंगे।
20 जुलाई को प्राथमिक यानी कक्षा 1 से 5वीं तक के बच्चों के लिए शिक्षकों की परीक्षा आयोजित होगी। यह परीक्षा एसटी-एससी कल्याण विभाग के लिए शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए होगी।
21 जुलाई को कक्षा 6 से 8वीं तक के शिक्षकों के लिए परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस दिन भाषा विषय के साथ-साथ सामाजिक विषय से संबंधित शिक्षक पदों के अभ्यर्थियों की परीक्षा होगी।
22 जुलाई को बीपीएससी टीआरई-3 पुनर्परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली में कक्षा 11वीं से 12वीं तक के लिए सभी विषयों की परीक्षा होगी। वहीं, दूसरी पाली में कक्षा 6वीं से 8वीं तक के लिए कंप्यूटर और संगीत/कला विषय के शिक्षक पदों के अभ्यर्थियों की परीक्षा आयोजित की जाएगी।

























