मुजफ्फरपुर शॉकिंग: जमीन विवाद में खूनी खेल, सोती मां और दो दुधमुंहे बच्चों की गला घोंटकर हत्या

Bihar News: रात को मिठाई लाल घर लौटा, तो उसे मुख्य दरवाजा बाहर से बंद मिला। अनहोनी की आशंका में जब वह किसी तरह अंदर दाखिल हुआ, तो कमरे का नजारा देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। बिस्तर पर उसकी पत्नी और दोनों दुधमुंहे बच्चों के बेजान शरीर पड़े थे।

मुजफ्फरपुर में खूनी पट्टीदारों ने की तीन हत्याएं

HIGHLIGHTS

  • जमीन के लालच में काटी गई नन्हीं जानें
  • मुजफ्फरपुर में रिश्तों का खूनी खेल
  • बारात से लौटा पति तो था हैरान
  • अंदर सोई थीं पत्नी और बच्चों की लाशें
  • 10 साल पुरानी रंजिश ने लिया खूनी रूप

Bihar News: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। जमीनी रंजिश को लेकर बदमाशों ने एक महिला और उसके दो नन्हे-मुन्ने बच्चों की बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी। एक साथ तीन लोगों के मौत की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई है।

जाने क्या है पूरा मामला?

यह खौफनाक वारदात पानापुर करियात थाना क्षेत्र अंतर्गत शाहबाजपुर मठ की है। मृतकों की पहचान 30 वर्षीय रीता देवी, उसकी दो साल की बेटी वैष्णवी और मात्र तीन महीने के बेटे कन्हैया के रूप में हुई है। घटना के दौरान महिला का पति संतोष साह (उर्फ मिठाई लाल) पेशे से कैटरर है और वह सोमवार रात अपने भाई के साथ एक बारात में गया हुआ था।

देर रात लौटा पति, तो पसरा सन्नाटा

जब रात को मिठाई लाल घर लौटा, तो उसे मुख्य दरवाजा बाहर से बंद मिला। अनहोनी की आशंका में जब वह किसी तरह अंदर दाखिल हुआ, तो कमरे का नजारा देखकर उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। बिस्तर पर उसकी पत्नी और दोनों दुधमुंहे बच्चों के बेजान शरीर पड़े थे। पास में ही एक रस्सी बरामद हुई है, जिससे आरोपियों ने तीनों का गला घोंटा।

दादी के कमरे में सोने से बची दो बच्चों की जान

मिठाई लाल के कुल चार बच्चे हैं। वारदात के वक्त दो छोटे बच्चे अपनी मां के साथ सो रहे थे, जिन्हें हत्यारों ने निशाना बनाया। जबकि दो अन्य बच्चे अपनी दादी उर्मिला देवी के साथ दूसरे कमरे में सो रहे थे, जिसके कारण उनकी जान बच गई।

10 साल पुरानी रंजिश में खेला खूनी खेल

परिजनों ने चचेरे पट्टीदारों (रिश्तेदारों) पर सीधा आरोप लगाया है। मिठाई लाल ने बताया कि जमीन को लेकर पिछले 10 सालों से पट्टीदारों से रंजिश चल रही है। हाल ही में आरोपियों ने पूरे परिवार को खत्म करने की धमकी दी थी, जिसे परिवार ने हल्के में ले लिया था। मृतका की सास का रो-रोकर बयान है कि पहले विरोधियों ने उनकी जमीन बेच दी और अब उनका वंश ही मिटाने की कोशिश की है।

पुलिस ने किया मौके पर डेरा

वारदात की सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण राजेश सिंह प्रभकार और डीएसपी पश्चिमी सुचित्रा कुमारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और एफएसएल (फॉरेंसिक) टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल कैंप कर रहा है। तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

एसपी ने क्या कहा?

एसपी ग्रामीण राजेश सिंह प्रभकार ने बताया कि पीड़ित परिवार की तरफ से पड़ोस में रहने वाले चचेरे पट्टीदारों पर आरोप लगाया गया है। इस मामले में अक्टूबर महीने में पंचायत भी हुई थी। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now