Nazi Ideology: यूरोप के शांत देश नीदरलैंड की रॉयल फैमिली को एक बार फिर बड़े सुरक्षा खतरे का सामना करना पड़ा है। भविष्य की रानी मानी जाने वाली 22 साल की राजकुमारी कैथरीना-अमालिया और उनकी बहन 20 साल की राजकुमारी एलेक्सिया की हत्या की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली साजिश का पर्दाफाश हुआ है। इस मामले में गिरफ्तार किए गए शख्स के नाजी विचारधारा (Nazi Ideology) से प्रेरित होने का अनुमान है, जिसने पूरे यूरोप में सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मचा दिया है।
कुल्हाड़ियों पर लिखे थे नाजी नारे और ‘ब्लडबाथ’
द हेग (The Hague) पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में फरवरी महीने में एक संदिग्ध को गिरफ्तार किया था। पुलिस की तलाशी के दौरान आरोपी के पास से दो कुल्हाड़ियां बरामद हुईं, जो खुद इस साजिश की भयावहता की तस्वीर पेश करती हैं।

जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि इन कुल्हाड़ियों पर राजकुमारी ‘एलेक्सिया’, इजरायली खुफिया एजेंसी ‘मोसाद’ और नाजी काल के उस अमर्यादित नारे ‘सीग हेल’ (Sieg Heil) को खुदा हुआ पाया गया। इतना ही नहीं, आरोपी के कब्जे से एक हाथ से लिखा गया एक खौफनाक नोट भी मिला है। इस नोट में दोनों राजकुमारियों के नाम के साथ ‘ब्लडबाथ’ (खूनी खेल) लिखा हुआ था।
द हेग लोक अभियोजक कार्यालय ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश किया जाएगा। हालांकि, पुलिस और जांच एजेंसियां अभी भी इस साजिश के पीछे के ‘असली मकसद’ का पता लगाने में जुटी हुई हैं।
ड्रग माफिया के बाद अब नाजी खतरा
यह पहला मौका नहीं जब राजकुमारी अमालिया को जान से मारने की धमकी मिली है। इससे पहले नीदरलैंड के कुख्यात ड्रग माफिया ने उनके और देश के पूर्व प्रधानमंत्री मार्क रुट के अपहरण की साजिश रची थी। इन खतरों के कारण सुरक्षा एजेंसियों ने 2022 में अमालिया को एम्स्टर्डम में अपना छात्रावास छोड़कर द हेग स्थित शाही महल में शिफ्ट होने पर मजबूर कर दिया था।
एक ‘आम लड़की’ की बेचैनी
लगातार मिल रही जान से मारने की धमकियों ने राजकुमारी अमालिया की जिंदगी पूरी तरह बदल कर रख दी है। एक आम छात्रा की तरह जीवन जीने की चाहत रखने वाली अमालिया ने सुरक्षा प्रतिबंधों के कारण होने वाली परेशानियों पर खुलकर बात की है।
पढ़ाई पूरी करने के लिए उन्हें 2024 में गुपचुप तरीके से स्पेन के मैड्रिड में समय बिताना पड़ा। अमालिया ने एक इंटरव्यू में दिल की पीड़ा जाहिर करते हुए कहा था, “मुझे आम जिंदगी, एक स्टूडेंट की जिंदगी की बहुत याद आती है। सड़कों पर आजाद तौर पर टहलना और दुकानों पर जाना।”
उनकी मां और नीदरलैंड की वर्तमान रानी मैक्सिमा भी इस मामले में काफी व्यथित रही हैं। रानी मैक्सिमा ने स्पष्ट कहा था कि इन लगातार खतरों ने उनकी बेटी की जिंदगी पर बहुत गहरा असर डाला है और अब वह अपनी मर्जी से बाहर नहीं निकल सकतीं।






















