कॉकरोच जनता पार्टी चींटी जनता पार्टी
---Advertisement---

पीएम मोदी के 12 साल पर भाजपा का ऐतिहासिक आयोजन

Modi Govt 12 Years: समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने यह साबित कर दिया है कि देश का स्वाभिमान जागृत करके व्यापक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने कहा, ''सिर्फ अनुदानों पर निर्भर रहने की मानसिकता से बाहर निकालकर भारत को वैश्विक मंच पर सम्मानपूर्वक खड़ा करने का कार्य उन्होंने किया है।

‘विकसित भारत 2047’ के विजन पर आधारित विशेषांक लॉन्च

HIGHLIGHTS

  • ‘राष्ट्र निर्माण की तपपूर्ति’ विशेषांक का भव्य विमोचन
  • देवेंद्र फडणवीस बोले – मोदी ने बदली देश की तकदीर
  • याचक राष्ट्र से वैश्विक शक्ति तक भारत का सफर
  • पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत बना विश्व की नई ताकत
  • मुंबई के रविंद्र नाट्यमंदिर में गूंजी विकास की गाथा

Modi Govt 12 Years: देश के पीएम नरेंद्र मोदी के सत्ता संभालने के 12 साल पूरे होने पर महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 26 मई 2026 को इस ऐतिहासिक पड़ाव पर प्रधानमंत्री की उपलब्धियों और देश की गौरवगाथा को समर्पित एक विशेष संग्रहणीय अंक ‘राष्ट्र निर्माण की तपपूर्ति’ का विमोचन किया गया। मुंबई के प्रभादेवी स्थित प्रतिष्ठित रविंद्र नाट्यमंदिर में आयोजित इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस थे।

इस विशेष अवसर पर भाजपा के कई वरिष्ठ नेता उपस्थित थे, जिनमें प्रदेशाध्यक्ष रविंद्र चव्हाण, मुंबई अध्यक्ष अमित साटम, कैबिनेट मंत्री मंगल प्रभात लोढ़ा के साथ-साथ विधायक निरंजन डावखरे, संजय कुटे और सुनील राणे शामिल थे। मंच से देश के विकास और प्रधानमंत्री के संकल्प की गूंज सुनाई दी। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने पीएम मोदी के 12 वर्षों के कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए उन्हें देश की तकदीर बदलने वाला नेता बताया।

देश की मानसिकता में आया बड़ा बदलाव

समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी ने यह साबित कर दिया है कि देश का स्वाभिमान जागृत करके व्यापक परिवर्तन लाया जा सकता है। उन्होंने कहा, ”सिर्फ अनुदानों पर निर्भर रहने की मानसिकता से बाहर निकालकर भारत को वैश्विक मंच पर सम्मानपूर्वक खड़ा करने का कार्य उन्होंने किया है। इतना ही नहीं, ‘मेक इन इंडिया’ अभियान को आगे बढ़ाते हुए देश को ‘मेक फॉर वर्ल्ड’ की दिशा में ले जाने में भी उनका महत्वपूर्ण योगदान रहा है।’ उनका मानना है कि भारत अब वो स्थिति में नहीं है जहां वह किसी से मदद मांगे, बल्कि दुनिया भारत से सीख रही है।

याचक राष्ट्र से वैश्विक शक्ति तक का सफर

सीएम फडणवीस ने अपने भाषण में आगे कहा, ”जो भारत पहले एक याचक राष्ट्र के रूप में देखा जाता था, उसे एक उभरती हुई वैश्विक शक्ति बनाने का काम प्रधानमंत्री मोदी जी ने किया है। 26 मई 2026 को पीएम मोदी अपने कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण कर रहे हैं। उनके दूरदर्शी, परिवर्तनकारी और सफल नेतृत्व का यह कालखंड देश और सभी भारतीयों के लिए एक वरदान साबित हुआ है।” उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा पिछले 12 वर्षों में किया गया कार्य इतना व्यापक है कि उसे एक ही पुस्तक में समेटना कठिन है। यही वजह है कि ‘राष्ट्र निर्माण की तपपूर्ति’ नामक इस विशेषांक को प्रकाशित किया गया है।

गरीबों के कल्याण और आर्थिक विकास

मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी की गरीब-केंद्रित नीतियों की भी सराहना की। उन्होंने कहा, ”देश के अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे, इसके लिए उन्होंने निरंतर प्रयास किए। ‘हर घर शौचालय’ और ‘उज्ज्वला गैस योजना’ जैसी योजनाओं के माध्यम से जनहित में बड़े कदम उठाए गए। सरकार ने लोगों को केवल अनुदान पर निर्भर न रखते हुए गरीब-केन्द्रित विकास का एजेंडा अपनाया। इसी का परिणाम है कि पिछले 10 वर्षों में 25 करोड़ लोगों को गरीबी से बाहर निकालने में सफलता मिली।” उन्होंने आर्थिक आंकड़ों को भी साझा करते हुए बताया कि भारत का सकल घरेलू उत्पाद (GDP) 2013-14 में 103 लाख करोड़ रुपये था, जो 2025-26 तक बढ़कर 357 लाख करोड़ रुपये हो गया है, यानी तीन गुना की वृद्धि हुई है। वहीं, महाराष्ट्र का GDP भी 2013-14 के 13 लाख करोड़ से बढ़कर 2025-26 में 54 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

चव्हाण ने पीएम को बताया ‘राष्ट्र तपस्वी’

इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण ने भी प्रधानमंत्री मोदी की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज एक सशक्त राष्ट्र के रूप में उभर रहा है, जो आर्थिक शक्ति बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा, ”पिछले एक दशक में आम नागरिक के जीवन में जो बदलाव आया है, वह हर भारतीय ने महसूस किया है। किसानों, मजदूरों, गरीबों और वंचित वर्गों को सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर देने वाली व्यवस्था इस सरकार ने बनाई है।” चव्हाण ने पीएम मोदी को ‘राष्ट्र तपस्वी’ की संज्ञा देते हुए कहा कि उन्होंने अध्यात्म या कला के माध्यम से नहीं, बल्कि सीधे राष्ट्र सेवा को अपनी तपस्या बनाया है।

‘राष्ट्र निर्माण की तपपूर्ति’ परिवर्तन का ऐतिहासिक दस्तावेज

इस विशेष अंक ‘राष्ट्र निर्माण की तपपूर्ति’ पर चर्चा करते हुए चव्हाण ने बताया कि यह केवल एक संग्रहणीय अंक नहीं, बल्कि देश में हुए परिवर्तन का जीवंत इतिहास है। इसमें ‘एक भारत, अखंड भारत’ से लेकर ‘विकसित भारत’ तक की यात्रा को 12 विषयों के माध्यम से विस्तार से प्रस्तुत किया गया है। इसमें राष्ट्रीय सुरक्षा, अंत्योदय, युवा सशक्तिकरण, मातृप्रधान समाज, विज्ञान, उद्योग और ‘विकसित भारत 2047’ जैसे विषयों पर विशेष प्रकाश डाला गया है। साथ ही, वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका, सीमाओं पर सशक्त जवाब और वैश्विक संकटों के समय मानवता के लिए आगे आने वाले संवेदनशील भारत का भी दस्तावेजीकरण किया गया है। यह पुस्तक पीएम मोदी की विजन और मेहनत का प्रमाण है, जिसे जनता तक पहुंचाने का उद्देश्य इसके प्रकाशन का मुख्य कारण है।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now