Bihar News: बिहार में अचानक बिगड़े मौसम ने भारी तबाही मचाई है। राज्य के विभिन्न जिलों में तेज आंधी, बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में कुल सात लोगों की जान गई है। तेज हवाओं के चलते कई स्थानों पर पेड़ गिरे, जिनकी चपेट में आने से लोगों की जानमाल का नुकसान हुआ है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरा दुख और संवेदना व्यक्त की है। प्रभावित परिवारों को तुरंत राहत पहुंचाने के लिए सीएम ने ऐलान किया है कि प्रत्येक मृतक के परिवार को 2-2 लाख रुपये का अनुग्रह अनुदान दिया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को सख्त हिदायत दी है कि यह राशि जल्द से जल्द प्रभावित परिवारों तक पहुंचाई जाए।
जिलेवार हादसों का विवरण
मौसम के इस कहर ने बिहार के कई जिलों को प्रभावित किया, जिसमें हुई मौतों का जिलेवार ब्यौरा इस प्रकार है:
- पटना: राजधानी में सबसे ज्यादा दो तरह की घटनाएं सामने आईं। यहाँ आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई, जबकि तेज आंधी के चलते पेड़ गिरने से दो अन्य लोगों की जान गई।
- भोजपुर: यहाँ आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मौत हुई।
- समस्तीपुर: इस जिले में भी आकाशीय बिजली की चपेट में आने से एक व्यक्ति ने जान गंवाई।
- पूर्वी चंपारण: यहाँ आकाशीय बिजली गिरने की वजह से एक व्यक्ति की मौत हुई है।
- वैशाली: तेज आंधी और बारिश के दौरान पेड़ गिरने की घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई।
प्रशासन की सतर्कता और सलाह
बदलते मौसम और बारिश के बीच जानी नुकसान को देखते हुए जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग अलर्ट पर हैं। प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि खराब मौसम के दौरान वे अधिकतम सतर्कता बरतें।
आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी एडवाइजरी में कहा गया है कि आकाशीय बिजली के समय लोग खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों से दूर रहें। अगर बाहर निकलना अनिवार्य हो तो सुरक्षित जगहों या पक्के भवनों का शरण लें, ताकि ऐसे दुर्घटनाओं से बचा जा सके।






















