Bihar News: बिहार के बेगूसराय में पुलिस की वर्दी पर एक बड़ा कलंक लगा है। यहां नकली सिगरेट की फैक्ट्री पर छापेमारी के दौरान टाइगर मोबाइल के दो जवानों ने मिलकर कारोबारी से 3 लाख रुपये की वसूली कर ली। आरोप है कि जवानों ने पूरे परिवार को फंसाने की धमकी दी। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी सिपाही को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा फरार है।
पूरा मामला नगर थाना क्षेत्र के महमदपुर मोहल्ले का है। पुलिस को 12 मई को गुप्त सूचना मिली थी कि यहां भारी पैमाने पर डुप्लीकेट सिगरेट का निर्माण किया जा रहा है। सूचना के आधार पर टाइगर मोबाइल के दो जवान अमन कुमार और अंकेश कुमार मौके पर पहुंचे और छापेमारी की।
छापे में हुआ भारी माल बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 6400 पैकेट अलग-अलग ब्रांड की नकली सिगरेट, 3600 सिगरेट के खाली पैकेट, 500 से अधिक पैकेट नकली जर्दा और प्रिंटिंग मशीन बरामद की। इस दौरान कारोबारी शिव शक्ति कुमार को हिरासत में ले लिया गया।
परिवार को फंसाने की धमकी देकर की वसूली
आरोप है कि छापे के बाद दोनों जवानों ने कारोबारी शिव शक्ति कुमार और उसके परिवारजनों को मामले में फंसाने की धमकी दी और डर का फायदा उठाते हुए 3 लाख रुपये की वसूली कर ली।
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
इस पूरे मामले की जानकारी गुरुवार को कारोबारी के बेटे ने नगर थाना में दी। उसने आरोप लगाया कि टाइगर मोबाइल के जवान अमन कुमार और अंकेश कुमार ने धमकी देकर तीन लाख रुपये ऐंठे हैं। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई। मामला सामने आते ही सहरसा का रहने वाला आरोपी सिपाही अंकेश कुमार छुट्टी लेकर भाग निकला। वहीं, पुलिस ने दूसरे आरोपी अमन कुमार को हिरासत में ले लिया।
पूछताछ में खुलासा, रकम बरामद
पुलिस पूछताछ में अमन कुमार ने अपना गुनाह कबूल कर लिया। उसने बताया कि दोनों ने मिलकर यह रकम वसूली थी और पूरा पैसा अंकेश के पास है। इस जानकारी के आधार पर पुलिस टीम अंकेश के सहरसा स्थित घर पर पहुंची, लेकिन वह फरार था। पुलिस ने तलाशी लेने पर वहां से वसूली के 3 लाख रुपये बरामद कर लिए।
एसपी ने की पुष्टि
एसपी मनीष ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि 12 मई को नकली सिगरेट फैक्ट्री की सूचना पर कार्रवाई की गई थी। वसूली कांड में सिपाही अमन कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है और कोर्ट में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। वहीं, दूसरे आरोपी सिपाही अंकेश कुमार की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार छापेमारी कर रही है।






















