बिहार: सुल्तानगंज नगर परिषद में दिनदहाड़े गोलीबारी: ईओ की मौत, चेयरमैन गंभीर

Bihar News: पुलिस और सीसीटीवी फुटेज की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जब बदमाशों ने चेयरमैन पर हमला किया, तब कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार बीच-बचाव करने के लिए सीधे अपराधियों से भिड़ गए। इसी दौरान बदमाशों ने ईओ के माथे में दो गोलियां मार दीं, जिससे उनकी तत्काल मौत हो गई। हमले में चेयरमैन के सिर में भी गोली लगी है।

सरकारी दफ्तर में गोलियां, ईओ शहीद, चेयरमैन की हालत नाजुक

HIGHLIGHTS

  • सुल्तानगंज में 'देशभक्ति' की मिसाल:
  • चेयरमैन पर हमले के दौरान अफसर ने दी अपनी जान
  • 'सैरात' की बंदोबस्ती ने ली अफसर की जान
  • सुल्तानगंज कार्यालय में ताबड़तोड़ फायरिंग
  • बदमाशों ने ईओ को मौत के घाट उतारा, चेयरमैन जख्मी

Bihar News: बिहार के भागलपुर जिले के सुल्तानगंज नगर परिषद कार्यालय में मंगलवार शाम दिनदहाड़े बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दहशत मचा दी। हमले में कार्यपालक पदाधिकारी (EO) कृष्ण भूषण कुमार की माथे में गोली लगने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि नगर परिषद के सभापति (चेयरमैन) राज कुमार गुड्डू गंभीर रूप से घायल हैं। पूरी घटना के पीछे ‘सैरात (ठेला) की बंदोबस्ती’ को लेकर विवाद बताया जा रहा है।

ये है पूरा घटनाक्रम

मंगलवार शाम लगभग 4:05 बजे तीन हथियारबंद अपराधी सीधे नगर परिषद कार्यालय में घुसे और सभापति राज कुमार गुड्डू के चैंबर में पहुंचकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी की आवाज सुनते ही कार्यालय परिसर में अफरातफरी मच गई।

ईओ ने ली गोली, बचाई चेयरमैन की जान

पुलिस और सीसीटीवी फुटेज की जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जब बदमाशों ने चेयरमैन पर हमला किया, तब कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार बीच-बचाव करने के लिए सीधे अपराधियों से भिड़ गए। इसी दौरान बदमाशों ने ईओ के माथे में दो गोलियां मार दीं, जिससे उनकी तत्काल मौत हो गई। हमले में चेयरमैन के सिर में भी गोली लगी है।

अस्पताल में कैंप कर रहे डीएम और एसएसपी

घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन अलर्ट हो गया। भागलपुर के डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी तत्काल मायागंज अस्पताल पहुंचे और वहां प्रशासनिक अमले के साथ कैंप कर रहे हैं। वहीं, एसएसपी प्रमोद कुमार यादव और सिटी एसपी शैलेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ सुल्तानगंज कार्यालय पहुंचे और जांच में जुट गए। घायल चेयरमैन को देखने स्थानीय विधायक रोहित पांडेय भी अस्पताल पहुंचे हैं।

सीसीटीवी फुटेज से खुले पहचान के कार्ड, 4 टीमें गठित

एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से दो अपराधियों की पहचान कर ली गई है, जो स्थानीय निवासी हैं। अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 3 से 4 विशेष टीमें गठित कर दी हैं और छापेमारी जारी है।

ईओ कहलगांव के थे रहने वाले

मृतक कार्यपालक पदाधिकारी कृष्ण भूषण कुमार मूल रूप से कहलगांव नगर पंचायत के ईओ हैं। उन्हें सुल्तानगंज नगर परिषद में अतिरिक्त प्रभार दिया गया था। घटना के बाद दोनों को तत्काल सुल्तानगंज रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें भागलपुर के मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया। तभी रास्ते में ईओ की मौत हो गई।

वहीं, कार्यालय में मौजूद कर्मचारियों और वार्ड पार्षदों ने बताया कि गोलीबारी के बाद जब तक वे एकजुट होकर ऑफिस की ओर दौड़ते, तब तक बदमाश फायरिंग करते हुए फरार हो चुके थे। पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है और कार्यालय को छावनी में तब्दील कर दिया गया है।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now