Bihar News: बेतिया में शुक्रवार रात हुई एक निर्मम हत्या के बाद शनिवार को भारी बवाल देखने को मिला। बैरिया थाना क्षेत्र के मच्छरगावां गांव में 25 वर्षीय युवक राधेश्याम यादव की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई, जिसके बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। बिहार की पूरी जानकारी हम आपको विस्तार से बताते है।
क्या है पूरा मामला?
बता दें कि घटना शुक्रवार रात करीब 10 बजे की है। जानकारी के अनुसार, मच्छरगावां चौक पर कुछ युवकों के साथ राधेश्याम की कहासुनी और हाथापाई हुई थी। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर उसे घर भेज दिया, लेकिन कुछ ही देर बाद 4-5 बाइक पर सवार 15-20 हमलावर उसके घर के पास पहुंचे और उस पर हमला कर दिया। चाकू से कई वार कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। परिजन उसे इलाज के लिए बगही पुल के रास्ते बेतिया ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
गुस्साए ग्रामीणों का प्रदर्शन
बता दें कि शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित ग्रामीणों ने जगदीशपुर-नौतन-मंगलपुर हाईवे को करीब एक घंटे तक जाम कर दिया और आगजनी करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।
पुलिस ने संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। सदर एसडीपीओ-2 रजनी कांत प्रियादर्शी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में विवाद की वजह महिला से छेड़खानी का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश में छापेमारी जारी है।
राधेश्याम यादव अपने परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी शादी दो साल पहले हुई थी। उसकी मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि गांव के लोग परिजनों को सांत्वना देने में जुटे हैं।



















