संदिप कुमार गर्ग
नोएडा। सरला चोपड़ा डीएवी पब्लिक स्कूल नोएडा में शनिवार को वन महोत्सव दिवस के उपलक्ष्य में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के छात्रों ने रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से वनों के महत्व, पर्यावरण संरक्षण और अधिक से अधिक पेड़ लगाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने वन महोत्सव मनाने की परंपरा, इसके उद्देश्य और महत्व को आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया। कविता वाचन के माध्यम से विद्यार्थियों ने वृक्षों की विशेषताओं और मानव जीवन में उनके महत्व को रेखांकित किया।
बच्चों ने रंग-बिरंगे परिधानों में लघु नाटिका और नृत्य प्रस्तुत कर वनों के प्रति प्रेम और सम्मान की भावना व्यक्त की। प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने लोगों को पेड़ों और वनों के संरक्षण के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया। छात्रों की शानदार प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती चित्रा कांत और सभी अध्यापकों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए प्रेरित किया। साथ ही, उन्होंने अधिक से अधिक पेड़ लगाने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने का संदेश दिया।
विद्यालय में आयोजित इस प्रकार के कार्यक्रम विद्यार्थियों को केवल सांस्कृतिक गतिविधियों से जोड़ने तक सीमित नहीं रहते, बल्कि उनमें सामाजिक और पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता भी विकसित करते हैं। वन महोत्सव दिवस का यह आयोजन भी विद्यार्थियों में प्रकृति के प्रति प्रेम और संरक्षण की भावना विकसित करने में सफल रहा।























