Legendary Singer Asha Bhosle:भारतीय संगीत जगत को सबसे बड़ा झटका लगा है। दिग्गज गायिका आशा भोसले का 92 साल की उम्र में निधन हो गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, शनिवार देर रात उन्हें अचानक कार्डियक अरेस्ट (हार्ट अटैक) आया, जिसके बाद उन्हें तुरंत मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इमरजेंसी मेडिकल यूनिट में उपचार के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली। उनका अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा।
पोती ने दी थी अस्पताल में भर्ती होने की जानकारी
आशा भोसले के अस्पताल में भर्ती होने की पहली जानकारी उनकी पोती जनाई भोसले ने इंस्टाग्राम के जरिए दी थी। जनाई ने एक पोस्ट में लिखा था, “मेरी दादी आशा भोसले बहुत ज्यादा थकान और छाती के इन्फेक्शन की वजह से अस्पताल में भर्ती हैं। उनका इलाज चल रहा है और उम्मीद है कि सब ठीक हो जाएगा. हम आपको जल्द ही अच्छी खबर देंगे.” हालांकि, इलाज के दौरान उनकी हालत और बिगड़ गई।
पीएम मोदी ने जताई थी चिंता
निधन से कुछ ही घंटे पहले देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी उनके स्वास्थ्य को लेकर चिंता व्यक्त की थी। पीएम मोदी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर लिखा था, ”यह सुनकर चिंता में हूं कि आशा भोसले जी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनके अच्छे स्वास्थ्य और जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.”
सोशल मीडिया पर शोक की लहर
आशा भोसले के निधन की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर शोक की लहर दौड़ गई है। आम जनता से लेकर बॉलीवुड के बड़े-बड़े सेलेब्स अपना दुख प्रकट करते हुए नजर आ रहे हैं। लोग उनके पुराने गाने सुनकर उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।
आठ दशकों का अनमोल संगीत सफर
आशा भोसले का नाम भारतीय संगीत के स्वर्णिम इतिहास में सबसे सम्मान के साथ लिया जाता है। उन्होंने अपने करियर में आठ दशकों से भी ज्यादा समय तक संगीत जगत को अपनी आवाज का जादू दिया। अपने लंबे करियर में उन्होंने तकरीबन 12 हजार से ज्यादा गाने गाए। ‘पिया तू अब तो आजा’, ‘दम मारो दम’, ‘ये मेरा दिल’, ‘चुरा लिया है तुमने’, ‘इन आंखों की मस्ती के’, ‘दिल चीज क्या है’ जैसे गाने आज भी युवाओं के जुबान पर सबसे ज्यादा हैं।
उन्होंने सिर्फ फिल्मी संगीत ही नहीं, बल्कि गजल, भजन, पॉप और क्लासिकल हर शैली में महारत हासिल की। ओ.पी. नैयर, आर.डी. बर्मन और ए.आर. रहमान जैसे दिग्गज संगीतकारों के साथ उनकी जोड़ी ने भारतीय सिनेमा को कई यादगार गीत दिए।
ये रहे प्रमुख सम्मान
अपनी अद्वितीय प्रतिभा के लिए उन्हें कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से नवाजा गया। उन्हें राष्ट्रीय पुरस्कार, कई बार फिल्मफेयर अवॉर्ड, दादासाहेब फाल्के सम्मान और भारत सरकार द्वारा देश के दूसरे सबसे बड़े नागरिक सम्मान ‘पद्म विभूषण’ से सम्मानित किया जा चुका है। दुनिया के सबसे ज्यादा गाने रिकॉर्ड करने वाले कलाकारों की सूची में भी उनका नाम सर्वोच्च स्थान पर आता है। आशा भोसले के जाने से ना सिर्फ एक कलाकार, बल्कि पूरे एक युग का अंत हो गया है। उनकी आवाज हमेशा संगीत प्रेमियों के दिलों में बसती रहेगी।





















