Akshaya Tritiya: हिंदू कैलेंडर के अनुसार साल का सबसे शुभ और लाभप्रद दिन माने जाने वाला पर्व ‘अक्षय तृतीया’ (Akshaya Tritiya) इस बार आज 19 अप्रैल 2026 रविवार को मनाया जा रहा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन किए गए किसी भी शुभ कार्य, दान या पूजा-अर्चना का फल ‘अक्षय’ (अनंत) होता है। इस दिन लक्ष्मी-विष्णु की संयुक्त पूजा का विशेष विधान है। साथ ही, इस दिन सोना-चांदी खरीदना भी अत्यंत शुभ माना जाता है, जिससे घर में धन-धान्य की कई गुना वृद्धि होती है। यदि आप भी इस अक्षय तृतीया पर पूजा-अर्चना या बहुमूल्य धातुओं की खरीदारी का प्लान कर रहे हैं, तो यहां जानें आपके शहर के लिए सटीक शुभ मुहूर्त:
अक्षय तृतीया पर पूजा का शुभ मुहूर्त
द्रिक पंचांग के अनुसार, इस वर्ष पूजा करने के लिए सुबह और शाम दोनों समय के अलग-अलग मुहूर्त बन रहे हैं:
- सुबह का मुहूर्त: सुबह 10:49 बजे से लेकर दोपहर 12:20 बजे तक।
- शाम का मुहूर्त: शाम 06:49 बजे से लेकर रात 10:57 बजे तक।
- कार्यालय/दुकान के लिए विशेष मुहूर्त: यदि आप अपने ऑफिस, दुकान या व्यापारिक स्थल पर पूजा करना चाहते हैं, तो इसके लिए शाम 05:50 बजे से लेकर रात 08:06 बजे का समय सर्वोत्तम रहेगा।
सोना-चांदी खरीदने का शुभ मुहूर्त
अक्षय तृतीया पर सोने-चांदी की खरीदारी को लेकर एक बड़ी राहत भरी खबर है। हिंदू पंचांग के अनुसार, 19 अप्रैल को सुबह 10 बजकर 49 मिनट से मुहूर्त शुरू हो रहा है, जो पूरे दिन भर यानी रात तक बना रहेगा। इसका सीधा सा मतलब है कि आप 19 अप्रैल को दिनभर के किसी भी समय अपनी सुविधानुसार सोना या चांदी खरीद सकते हैं। हालांकि, जो लोग चौघड़िया मुहूर्त (Chaughadiya Muhurat) का विशेष ध्यान रखते हैं, वे इन समयों पर खरीदारी कर सकते हैं:
शुभ चौघड़िया मुहूर्त (शुभ खरीदारी के लिए)
- सुबह का मुहूर्त (चर, लाभ, अमृत): सुबह 10:49 बजे से दोपहर 12:20 बजे तक।
- दोपहर का मुहूर्त (शुभ): दोपहर 01:58 बजे से दोपहर 03:35 बजे तक।
- शाम का मुहूर्त (शुभ, अमृत, चर): शाम 06:49 बजे से रात 10:57 बजे तक।
- रात का मुहूर्त (लाभ): 20 अप्रैल की रात 01:43 बजे से लेकर देर रात 03:05 बजे तक।
अक्षय तृतीया के दिन सूर्योदय से पहले और सूर्यास्त के बाद किसी भी तरह की शुभ खरीदारी या मांगलिक कार्य से बचा जाता है। इसलिए सोने-चांदी की खरीदारी के लिए दिन के समय का ही चयन करें। इस पावन दिन मां लक्ष्मी और भगवान विष्णु की पूजा कर सुख-समृद्धि का आशीर्वाद लें।


















