Bollywood News: साउथ इंडियन सिनेमा के ‘स्टाइलिश स्टार’ और देशभर में ‘पुष्पा’ फेम के अल्लू अर्जुन अब अपना ठिकाना मुंबई शिफ्ट करने जा रहे हैं। अपनी अपकमिंग बड़ी फिल्मों की शूटिंग के लिए मुंबई आने वाले अल्लू अर्जुन ने शहर में अपनी रहन-सहन का इंतजाम बेहद शानदार तरीके से किया है। एक्टर ने मुंबई के सबसे महंगे और पॉश इलाकों में से एक जुहू में समुद्र के किनारे एक लग्ज़री पेंटहाउस किराए पर लिया है, जिसकी किराये की रकम सुनकर आपके होश उड़ जाएंगे।
कितना है किराया और क्या है डील?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अल्लू अर्जुन ने जुहू तारा रोड जंक्शन पर स्थित एक 5 BHK अपार्टमेंट को 3 साल के लीज एग्रीमेंट पर लिया है। इस आलीशान पेंटहाउस के लिए उन्हें हर महीने 16 लाख रुपये का रेंट देना होगा। मुंबई के प्रॉपर्टी मार्केट के जानकारों के अनुसार, इस समुद्र किनारे वाले पेंटहाउस की कुल कीमत लगभग 25 करोड़ रुपये है।

पेंटहाउस की खासियतें
6,000 वर्ग फुट में फैले इस पेंटहाउस में हर वो लक्ज़री मौजूद है, जिसकी किसी सुपरस्टार को तलाश होती है:
- एक प्राइवेट स्विमिंग पूल।
- चार लग्ज़री कारों की पार्किंग की जगह।
- सीधा समुद्र का नज़ारा (सी-फेसिंग)।
- चारों तरफ हरियाली और सुकून भरा माहौल।
परिवार को रखी थी प्राथमिकता
रिपोर्ट्स के मुताबिक, अल्लू अर्जुन और उनकी पत्नी स्नेहा पिछले एक साल से इस पेंटहाउस को फाइनल करने के लिए कई बार यहां आए थे। दोनों को ऐसी जगह चाहिए थी जहां समुद्र की आवाज़ सुनाई दे और वातावरण पूरी तरह शांत हो। स्नेहा और उनके दो बच्चे (अयान और अरहा) स्कूल की छुट्टियों के दौरान इसी घर में अल्लू अर्जुन के साथ रहेंगे। हालांकि, अल्लू अर्जुन अब मुंबई और हैदराबाद के बीच अपना समय बांटेंगे। इस घर के इंटीरियर डिजाइनिंग में अल्लू और स्नेहा ने खुद काफी रुचि ली है।
इन सेलेब्स के पड़ोसी बनेंगे ‘पुष्पा’
अल्लू अर्जुन के इस नए एड्रेस की सबसे बड़ी खासियत उनके पड़ोसी हैं। जुहू का यह इलाका बॉलीवुड और स्पोर्ट्स जगत के बड़े सेलेब्रिटीज का पसंदीदा ठिकाना है। अब अल्लू अर्जुन बॉलीवुड के पावर कपल विक्की कौशल-कैटरीना कैफ और क्रिकेट और बॉलीवुड के सुपर कपल विराट कोहली-अनुष्का शर्मा के पड़ोसी बन जाएंगे।
क्यों शिफ्ट हो रहे हैं मुंबई?
अल्लू अर्जुन का यह मुंबई शिफ्ट कोई सामान्य बात नहीं है, बल्कि उनके प्रोफेशनल कमिटमेंट्स से जुड़ा है। एक्टर इन दिनों अपनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘राका’ की तैयारियों में जुटे हैं, जिसका निर्देशन बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर एटली कुमार कर रहे हैं। इस फिल्म में अल्लू अर्जुन के साथ दीपिका पादुकोण भी नजर आएंगी। इसके अलावा, उनकी दूसरी बड़ी फिल्म जो डायरेक्टर लोकेश कनगराज के साथ है, उसकी भी ज्यादातर शूटिंग मुंबई में ही होने वाली है।
























