ABVP Launches Massive Protest at DU: दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) में छात्रों की बेहतरी और सुरक्षा को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) ने बुधवार को ‘छात्र अधिकार मार्च’ निकालकर प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग (SOL) से आर्ट्स फैकल्टी तक निकाले गए इस मार्च में बड़ी संख्या में छात्रों ने हिस्सा लिया और जमकर नारेबाजी की।
SOL से लेकर आर्ट्स फैकल्टी तक गूंजे नारे
यह मार्च SOL परिसर से शुरू होकर केवलरी लेन, विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन और छात्रा मार्ग होते हुए आर्ट्स फैकल्टी तक पहुंचा। इस दौरान पूरे रास्ते “छात्र अधिकारों की रक्षा करो” और “DU प्रशासन जवाब दो” के नारे गूंजते रहे। प्रदर्शनकारी छात्रों का कहना है कि लंबे समय से विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी समस्याओं की अनदेखी कर रहा है, जिसके चलते उन्हें सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा।
प्रशासन के सामने रखी गईं ये 12 प्रमुख मांगें:
इस मार्च के जरिए ABVP ने DU प्रशासन के सामने 12 सूत्रीय मांगें रखीं, जो इस प्रकार हैं:
- कैंपस को पूरी तरह से ‘पोर्टा केबिन फ्री’ कराया जाए।
- पूरे विश्वविद्यालय का तत्काल फायर सेफ्टी ऑडिट कराया जाए।
- परीक्षा फॉर्म जमा करने में लेट फीस में छूट दी जाए।
- BA और LLB कोर्स की फीस में कमी की जाए।
- फाइनल ईयर के छात्रों के लिए सप्लीमेंट्री परीक्षा का इंतजाम हो।
- विश्वविद्यालय में नए हॉस्टलों का निर्माण किया जाए।
- छात्रों के लिए ‘सेंट्रलाइज्ड प्लेसमेंट सेल’ की स्थापना हो।
- कैंटीनों में बेहतर और सस्ता भोजन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
- ट्रांसजेंडर (थर्ड जेंडर) छात्रों को मुफ्त शिक्षा प्रदान की जाए।
पोर्टा केबिन में आग के बाद सुरक्षा पर सवाल
हाल ही में एक कॉलेज के पोर्टा केबिन में आग लगने की घटना को लेकर ABVP ने प्रशासन की काफिलाउड़ की है। ABVP के दिल्ली प्रदेश मंत्री सार्थक शर्मा ने कहा, “पोर्टा केबिन में आग लगने की घटना ने विश्वविद्यालय की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल कर रख दी है। हम चाहते हैं कि DU को पोर्टा केबिन फ्री किया जाए और बिना किसी देरी के फायर ऑडिट कराया जाए। साथ ही एक सेंट्रलाइज्ड प्लेसमेंट सेल बनाई जाए और थर्ड जेंडर के छात्रों को मुफ्त शिक्षा दी जाए। हमारी सभी 12 मांगें सीधे तौर पर छात्रों के हित में हैं।”
आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी
सार्थक शर्मा ने साफ कर दिया है कि यह मार्च केवल एक शुरुआत है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन उनकी इन मांगों पर जल्द सकारात्मक कार्रवाई नहीं करता है, तो ABVP आंदोलन को और अधिक तेज करेगी। उन्होंने कहा, “छात्रों के अधिकारों के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी और प्रशासन को इसका जवाब देना होगा।” वर्तमान में आर्ट्स फैकल्टी परिसर में छात्रों का जमावड़ा लगा हुआ है और माहौल काफी गर्म बना हुआ है। अब देखना होगा कि DU प्रशासन इन मांगों पर क्या स्टैंड लेता है।
























