IPL 2026 SRH vs DC: सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने अपने बल्लेबाजों के विस्फोटक प्रदर्शन और गेंदबाजों की कसी हुई गेंदबाजी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स (DC) को इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में एकतरफा मुकाबले में 47 रनों से करारी शिकस्त दी। अभिषेक शर्मा की 68 गेंद में नाबाद 138 रनों की विध्वंसक पारी के दम पर हैदराबाद ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 2 विकेट के नुकसान पर 242 रनों का पहाड़ खड़ा किया। जवाब में दिल्ली की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 195 रन ही बना सकी।
अभिषेक शर्मा का बल्लेबाजी तूफान: 45 गेंद में पूरा किया शतक
मैच के हीरो रहे बाएं हाथ के बल्लेबाज अभिषेक शर्मा। उन्होंने दिल्ली के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए महज 45 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। अपनी पारी में उन्होंने 10 चौके और 10 छक्के लगाए। यह आईपीएल में उनकी दूसरी और टी20 क्रिकेट में नौवीं सेंचुरी है। अभिषेक के अलावा ट्रैविस हेड ने 26 गेंद में 37, ईशान किशन ने 13 गेंद में 25 और हेनरिक क्लासेन ने 13 गेंदों में नाबाद 37 रनों की तेजतर्रार पारी खेली, जिससे आखिरी ओवरों में हैदराबाद का स्कोर 242 तक पहुंच गया।

दिल्ली के बल्लेबाज फेल, मलिंगा और हर्ष ने बिगाड़ा खेल
243 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत धीमी रही। हालांकि, केएल राहुल (23 गेंद में 37), नीतीश राणा (30 गेंद में 57) और समीर रिजवी (28 गेंद में 41) ने अच्छी बल्लेबाजी की, लेकिन कोई भी बल्लेबाज बड़ी पारी खेलकर टीम को जीत के करीब नहीं ले जा सका। ट्रिस्टन स्टब्स ने 16 गेंद में 27 रन बनाए।
हैदराबाद की तरफ से ईशान मलिंगा ने कहर बरपाया। उन्होंने अपने 4 ओवर के स्पेल में 32 रन देकर 4 विकेट झटके। इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही मलिंगा पर्पल कैप की रेस में 12 विकेट के साथ दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। मलिंगा के साथ हर्ष दुबे ने भी कमाल करते हुए महज 2 ओवर में 12 रन देकर 3 विकेट हासिल किए और दिल्ली की वापसी की सभी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। साकिब अल हसन ने 4 ओवर में 29 रन देकर एक और मदुशनका को एक विकेट मिला।
अंक तालिका में हैदराबाद की लंबी छलांग
इस शानदार 47 रनों की जीत के साथ ही सनराइजर्स हैदराबाद 7 मैचों में 8 अंकों के साथ अंक तालिका (Points Table) में तीसरे स्थान पर कूद गया है। वहीं, दिल्ली कैपिटल्स को इस हार का झटका लगा है और वह 6 मैचों में 3 जीत और 3 हार के साथ पांचवें स्थान पर स्लिप हो गई है। अपनी तूफानी बल्लेबाजी और मैच को अपने नाम करने के लिए अभिषेक शर्मा को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ (Player of the Match) के खिताब से नवाजा गया।

























