बोलीविया की प्रशासनिक राजधानी ला पेज़ के पास स्थित एल ऑल्टो में शुक्रवार शाम एक विनाशकारी विमान हादसा हुआ। बोलीवियन एयर फोर्स का एक हर्क्यूलिस कार्गो विमान उड़ान भरने के कुछ ही क्षण बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद विमान में सवार नए बैंक नोटों को लेकर लोगों ने लूटपाट की घटनाएं घटाईं, जिससे अफरा-तफरी मच गई।
खराब मौसम में हुई दुर्घटना
जानकारी के अनुसार, विमान देश के अन्य हिस्सों में नए बैंक नोट पहुंचाने का काम कर रहा था। खराब मौसम के बीच टेकऑफ के तुरंत बाद विमान संतुलन खो बैठा। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विमान रनवे से फिसलता हुआ शहर की ओर बढ़ गया और हाईवे के पास एक व्यस्त एवेन्यू पर जा गिरा।
भीषण तबाही, 15 वाहन क्षतिग्रस्त
विमान सड़क पर चल रही कारों और अन्य वाहनों से टकरा गया, जिससे कम से कम 15 गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि सड़क पर मलबा फैल गया और आसपास खड़ी कारें धज्जियां उड़ गईं। अधिकारियों ने पुष्टि की है कि इस हादसे में 15 लोगों की मौत हुई है, हालांकि यह अभी स्पष्ट नहीं हुआ है कि मृतक विमान में सवार थे या सड़क पर मौजूद लोग थे।
आग के गोले में बदला विमान
दुर्घटना के तुरंत बाद विमान में विस्फोट होते हुए आग लग गई। आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। अग्निशमन दल मौके पर पहुंचा और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के कारण इलाके में ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया, जिससे आपात सेवाओं को काम करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
स्वतंत्रता सेनानियों के ‘राष्ट्र मंदिर’ का हुआ उद्घाटन
दृश्य देख लोग बने ‘लूटेरे’
हादसे का सबसे हैरान करने वाला मंजर तब सामने आया जब विमान में भरे नए नोट सड़क पर बिखर गए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में देखा गया कि सैकड़ों लोग मौके पर पहुंच गए और जमीन पर बिखरे नोट उठाने लगे। बचाव कार्य में बाधा डालने वाली भीड़ को खदेड़ने के लिए पुलिस को पानी की बौछार और दंगा-रोधी उपकरणों का इस्तेमाल करना पड़ा। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि वे मौके से दूर रहें ताकि बचाव अभियान प्रभावी ढंग से चलाया जा सके।
हवाई अड्डा बंद, जांच शुरू
इस गंभीर हादसे के बाद एल अल्टो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। राष्ट्रीय एयरलाइन ‘बोलीवियाना डे एविएसन’ ने स्पष्ट किया है कि दुर्घटनाग्रस्त विमान उनकी फ्लीट का हिस्सा नहीं था। वहीं, बोलीविया का केंद्रीय बैंक बाद में मीडिया को विस्तृत जानकारी देने वाला है। फिलहाल, प्रशासन हादसे की जांच में जुटा है और स्थिति को सामान्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
























