Bollywood News: भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं पर आधारित हिंदी फिल्म “कृष्णावतरम् पार्ट 1 – द हार्ट” ने अब केवल दर्शकों के बीच ही नहीं, बल्कि देश के प्रतिष्ठित सामाजिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक वर्गों में भी अपनी विशेष पहचान बना ली है। इसी कड़ी में मथुरा की सांसद और दिग्गज अभिनेत्री हेमा मालिनी ने मथुरा में आयोजित विशेष स्क्रीनिंग के दौरान फिल्म देखी और फिल्म की टीम की खुलकर सराहना की।
भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा में जेवी सिनेमा (JV Cinema) में आयोजित इस विशेष स्क्रीनिंग का आयोजन किया गया था। आस्था के इस प्रमुख केंद्र में फिल्म का प्रदर्शन देखना हेमा मालिनी के लिए एक भावनात्मक अवसर साबित हुआ। स्क्रीनिंग के दौरान उन्होंने पूरी फिल्म देखी और फिल्म के निर्माण, उसके भव्य कैनवास तथा प्रस्तुति की जमकर प्रशंसा की।
फिल्म की भव्यता और कलाकारों के अभिनय से प्रभावित हुईं हेमा मालिनी
फिल्म के संबंध में अपनी प्रतिक्रिया देते हुए हेमा मालिनी ने फिल्म की भव्यता, कलाकारों के अभिनय, संगीत, हैंड-पेंटेड कॉस्ट्यूम्स और हस्तनिर्मित आभूषणों की खूब तारीफ की। उन्होंने फिल्म के पीछे की मेहनत और उसकी सटीक प्रस्तुति की सराहना करते हुए टीम को शुभकामनाएं दीं।
निर्माता ने की जी हजूरी
स्क्रीनिंग के बाद फिल्म के निर्माता साजन राज कुरूप ने बताया कि हेमा जी ने कलाकारों के अभिनय, निर्देशन और फिल्म के बड़े स्तर के निर्माण की काफी सराहना की। उन्होंने कहा, “पूरी फिल्म देखने के बाद उनके चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दे रही थी, जो हमारे लिए सबसे बड़ी सफलता है।”
कलाकार और चालक दल
फिल्म का निर्माण साजन राज कुरूप ने किया है, जबकि निर्देशन की कमान हार्दिक गज्जर ने संभाली है। फिल्म में सिद्धार्थ गुप्ता भगवान श्रीकृष्ण, सुष्मिता भट्ट राधा, निवासिनी कृष्णन रुक्मिणी, संस्क्रुति जयाना सत्यभामा और जे कार्तिक सत्राजित की भूमिका निभा रहे हैं।
मथुरा से लेकर गुजरात तक
निर्माता साजन राज कुरुप ने आगे बताया कि फिल्म की शूटिंग मुख्य रूप से गुजरात में की गई है, जिसे भगवान श्रीकृष्ण की कर्मभूमि माना जाता है। इसके अलावा फिल्म का ट्रेलर श्रीकृष्ण जन्मभूमि, मथुरा में लॉन्च किया गया था। टीम ने फिल्म को सफल बनाने के लिए बांके बिहारी मंदिर, रमन रेती, राधा रानी मंदिर, प्रेम मंदिर और इस्कॉन वृंदावन में आशीर्वाद भी लिया था।
विश्वभर में फैल रही है फिल्म की लोकप्रियता
फिल्म अब भारत के 1500 से अधिक सिनेमाघरों में प्रदर्शित हो रही है और 56 देशों में अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुकी है। फिल्म को लेकर एक और अच्छी खबर यह है कि उत्तर प्रदेश सरकार ने इसे टैक्स फ्री घोषित कर दिया है, जिससे इसकी सांस्कृतिक और आध्यात्मिक महत्ता को और भी मजबूती मिली है।























