दिल्ली-एनसीआर में 24 घंटे में 6 हत्याएं, दहशत में राजधानी

Delhi-NCR News: हत्याओं के बाद दिल्ली और एनसीआर पुलिस पूरी तरह से अलर्ट हो गई है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।

दिल्ली-एनसीआर में अपराध का कहर, पुलिस अलर्ट मोड पर (फाइल फोटो)

HIGHLIGHTS

  • खून से लाल हुई दिल्ली-एनसीआर, एक दिन में कई मर्डर
  • मां-बेटे की हत्या से लेकर गोलीकांड तक, दिल्ली में सनसनी
  • गोविंदपुरी में मां-बेटे की बेरहमी से हत्या, पुलिस जांच जारी
  • रोहिणी में दो नाबालिगों की चाकू मारकर हत्या, बड़ा खुलासा
  • सुभाष प्लेस में संपत्ति विवाद ने ली जान, चाचा की मौत

Delhi-NCR News: दिल्ली-एनसीआर में कानून व्यवस्था की पोल खुलती नजर आ रही है। बीते 24 घंटों के दौरान इलाके में हत्या की एक के बाद एक वारदातों ने पुलिस प्रशासन की नींद हराम कर दी है। नोएडा से लेकर दिल्ली के रोहिणी, गोविंदपुरी और सुभाष प्लेस तक… हर जगह खून ही खून बहा है। मां-बेटे की बर्बर हत्या से लेकर नाबालिगों की गला रेतने तक, इन घटनाओं ने पूरे शहर में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है। पिछले एक दिन में कम से कम 6 लोगों की जान जा चुकी है, जिसके बाद पुलिस महकमा अलर्ट मोड पर आ गया है।

यहां दिए गए हैं इन सनसनीखेज वारदातों के विवरण:

1. गोविंदपुरी: घर में घुसकर मां-बेटे की चाकू मारकर हत्या

दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के गोविंदपुरी इलाके में देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। अज्ञात हमलावरों ने एक महिला और उसके 13 वर्षीय नाबालिग बेटे की चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। मृतकों की पहचान शारदा साहू और उनके बेटे कुशल के रूप में हुई है। घटना का खुलासा तब हुआ जब मृतका का पति विष्णु साहू रात करीब 12:30 बजे नौकरी से घर लौटा। उन्होंने अपनी पत्नी और बेटे के खून से लथपथ शव देखे। पुलिस की प्राथमिक जांच में अलमारी से नकदी और जेवरात गायब मिले हैं, जिससे लूट के इरादे से हत्या की आशंका जताई जा रही है।

2. रोहिणी: ‘बदला’ लेने गए दो नाबालिगों की हत्या

रोहिणी के अमन विहार इलाके में खूनी संघर्ष में दो नाबालिग किशोरों की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान जॉनी और मयंक के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में ले लिया है और हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, जॉनी और मयंक अपने साथी दिनेश के साथ सुल्तानपुरी से अमन विहार ‘रितेश’ नाम के युवक की तलाश में हथियार लेकर पहुंचे थे। उन्हें शक था कि रितेश ने पिछली हत्या के आरोपियों को छिपाया था। विवाद के दौरान जब जॉनी और उसके साथियों ने एक महिला और उसके बेटे पर हमला किया, तो वहां मौजूद एक अन्य नाबालिग ने जॉनी और मयंक पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई।

3. सुभाष प्लेस: संपत्ति विवाद में चाचा की मौत, भतीजा घायल

पश्चिमी दिल्ली के सुभाष प्लेस इलाके में पारिवारिक संपत्ति के विवाद ने इतना भयावह रूप ले लिया कि चाचा-भतीजे के बीच जानलेवा झड़प हो गई। जेजे कॉलोनी में हुई इस लड़ाई में चाचा राजेश की मौत हो गई, जबकि भतीजा दीपक गंभीर रूप से घायल हो गया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घायल का इलाज चल रहा है। बताया जा रहा है कि दोनों में पहले से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था।

4. ग्रेटर नोएडा: ड्यूटी जाते समय युवक को गोली मारी

ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 थाना क्षेत्र के वैदपुरा गांव में बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान दीपक नागर के रूप में हुई है, जो ड्यूटी पर जा रहा था। वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। हालांकि, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। डीसीपी ने मामले की जांच के लिए दो विशेष टीमों का गठन कर दिया है, लेकिन हत्या का असली मकसद अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है।

इन लगातार हो रही हत्याओं के बाद दिल्ली और एनसीआर पुलिस पूरी तरह से अलर्ट हो गई है। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही सभी मामलों का खुलासा कर दोषियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Rishi Tiwari

ऋषि तिवारी (Rishi Tiwari) ने वर्ष 2011 में मुंबई से पत्रकारिता की दुनिया में कदम रखा और मुंबई से प्रकाशित मुंबई मित्र जैसे समाचारपत्रों में सक्रिय भूमिका निभाई। इसके बाद दिल्ली और एनसीआर में एपीएनएस न्यूज एजेंसी में लंबे समय तक सेवाएं देने के बाद यहां से रुख कर लिया। वर्ष 2018 में इन्होंने संध्या समय न्यूज के साथ नई पारी की शुरुआत की। पिछले कई वर्षों से निष्पक्ष, प्रभावी और जनसरोकारों पर आधारित पत्रकारिता को मजबूती से आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now