संध्या समय न्यूज
ग्रेटर नोएडा वेस्ट में फ्लैट खरीदने के नाम पर एक बड़े पैमाने पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने फर्जी कागजात और एग्रीमेंट के जरिए एक व्यक्ति से 59 लाख रुपये से अधिक की रकम ऐंठ ली। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
बिसरख कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर-16 सी स्थित महागुन मायवुड्स निवासी अरुण मन्नी की शिकायत पर यह कार्रवाई की गई है। पीड़ित के अनुसार, उन्हें अपने परिवार के लिए एक रेजिडेंशियल फ्लैट की आवश्यकता थी। इसी कड़ी में उनकी मुलाकात सरोज राय से हुई, जिसने उन्हें प्रॉपर्टी डीलर बते जाने वाले आकाश कुमार शर्मा और उनके पिता मंटू कुमार शर्मा से मिलवाया।
इस तरह बना ठगी का जाल
डीलरों ने अरुण को सुपरटेक इको विलेज-3 में एक फ्लैट दिलाने का झांसा दिया और नीरज नामक व्यक्ति से मिलवाया। नीरज ने अपनी पत्नी पूनम पांडे के नाम पर रजिस्टर्ड उस फ्लैट को दिखाया। दोनों पक्षों के बीच फ्लैट का सौदा एक करोड़ रुपये में पक्का हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, 2 दिसम्बर 2025 को अरुण और पूनम पांडे के बीच एक एग्रीमेंट हुआ। इसके तहत अरुण ने फ्लैट की एडवांस रकम के तौर पर 59 लाख 51 हजार रुपये का भुगतान कर दिया। इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को फ्लैट का पजेशन भी सौंप दिया, जिसके बाद वह अपने परिवार के साथ वहां रहने लगे।
यश की ‘टॉक्सिक’ में छाएगा संगीत का जादू
जब टूटा ठगी का राज
मामला तब बदला जब अरुण ने बाकी बकाया रकम देकर सेल डीड का रजिस्ट्रेशन कराने की बात कही। पूनम पांडे और उनके पति ने बात को टालना शुरू कर दिया। इसी दौरान एक दिन अचानक कुछ लोग फ्लैट पर पहुंचे और दावा किया कि यह फ्लैट उनका है। उन्होंने अपने पास मौजूद सेल एग्रीमेंट दिखाकर खुद को मालिक साबित किया। इससे अरुण को ठगी का अहसास हुआ। जांच में पता चला कि फ्लैट पहले ही किसी और को बेचा जा चुका था और उन्हें फर्जी एग्रीमेंट देकर फंसाया गया था।
पुलिस कार्रवाई
पीड़ित अरुण मन्नी की तहरीर पर बिसरख कोतवाली पुलिस ने सरोज राय, आकाश कुमार शर्मा, मंटू कुमार शर्मा, नीरज और पूनम पांडे समेत पांच लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और ठगी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में छापेमारी की जा रही है।

























