Delhi News: पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन के बाद भाजपा (BJP) के मुख्यालय में आज सोमवार शाम जश्न का माहौल रहा। पश्चिम बंगाल और असम में पार्टी को मिली ऐतिहासिक बढ़त और तमिलनाडु में NDA के बेहतर प्रदर्शन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सीधे पार्टी कार्यालय पहुंचे, जहां कार्यकर्ताओं ने ‘जय श्री राम’ के जयकारों से पूरा माहौल गूंजा।
पीएम मोदी ने नितिन नबीन को पहनाई माला
बंगाली धोती-कुर्ती पहने पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन का जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पीएम मोदी ने नितिन नबीन को माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया। मुख्यालय में मौजूद कार्यकर्ताओं की अपार उत्साह देखते बन रहा था।
नितिन नबीन का हमला- “INDIA गठबंधन बिखरेंगे ताश के पत्तों की तरह”
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने इस जीत को ‘2024 के कसक को पूरा करने वाली प्रचंड जीत’ करार दिया। उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि इस चुनाव के बाद INDIA गठबंधन ताश के पत्तों की तरह बिखर जाएंगे। नारी शक्ति वंदन विधेयक को खारिज करने पर जनता ने उन्हें सबक सिखाया है। नबीन ने पांचों राज्यों की ‘देवतुल्य जनता’ का आभार जताया और कहा कि यह जीत काफी संघर्ष के बाद मिली है। बंगाल में पूरा भय का वातावरण बना हुआ था, लेकिन कार्यकर्ताओं की मेहनत और लोगों के विश्वास ने नतीजे पलट दिए।
बंगाल में सेंध, असम में दबदबा और तमिलनाडु में उलटफेर
चुनाव नतीजों की बात करें तो पश्चिम बंगाल में भाजपा ने रिकॉर्ड बनाते हुए 204 सीटों पर लीड बना ली है, जबकि सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) महज 83 सीटों पर सिमटती नजर आ रही है। वहीं, असम में एक बार फिर BJP-NDA का दबदबा पहले से भी मजबूत हुआ है। सबसे बड़ा बदलाव तमिलनाडु में देखने को मिला, जहां एक्टर से नेता बने विजय की पार्टी ‘तमिलगा वेत्री कझगम (TVK)’ ने अचानक बड़ी जीत हासिल कर सत्ताधारी DMK को तीसरे नंबर पर धकेल दिया है।
पीएम मोदी ने की जमीनी कार्यकर्ताओं की तारीफ
बता दें कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 2026 के पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव हमेशा याद किए जाएंगे। यह लोगों की ताकत और भाजपा की अच्छे शासन की राजनीति की जीत है। उन्होंने बंगाल की जनता को नमन करते हुए भरोसा दिलाया कि पार्टी समाज के सभी वर्गों को मौका और सम्मान देने वाली सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि यह जीत बिना जमीन पर काम करने वाले अनगिनत कार्यकर्ताओं के संघर्ष के बिना संभव नहीं थी।
असम और तमिलनाडु पर पीएम का संदेश
असम की जीत पर पीएम मोदी ने कहा कि यह जीत NDA के विकास एजेंडे और लोगों की जिंदगी में बदलाव लाने के प्रति पक्के सपोर्ट को दर्शाती है। उन्होंने 24 घंटे काम करने वाले कार्यकर्ताओं की तारीफ की। वहीं, तमिलनाडु में NDA को मिले समर्थन के लिए उन्होंने वोटर्स का शुक्रिया अदा किया और विजय की पार्टी TVK को उनके शानदार प्रदर्मेंस के लिए बधाई दी। पीएम ने आश्वासन दिया कि तमिलनाडु की तरक्की और लोगों की भलाई के लिए केंद्र कोई कसर नहीं छोड़ेगा।

























