दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री एवं आप पार्टी वरिष्ठ नेता आतिशी ने भाजपा के सामने एक ऐसी चुनौती रख दी है, जिससे सियासी हलचल तेज हो गई है। दरअसल, दिल्ली विधानसभा की पब्लिक अकाउंट्स कमेटी (PAC) 14 सितंबर को पुराने मुख्यमंत्री आवास 6 फ्लैगस्टाफ रोड का निरीक्षण करने जा रही है। इससे पहले भाजपा ने इस आवास को ‘शीशमहल’ करार देते हुए आप पार्टी पर करोड़ों रुपये की लगातार बहस छेड़ी थी। अब आतिशी ने साफ शब्दों में कहा है कि अगर भाजपा के पास सबूत हैं, तो कैमरों के साथ दुनिया के सामने ले आए।
“स्विमिंग पूल, सोने-चांदी के कमोड और बार दिखाओ”
आतिशी ने प्रेस वार्ता में भाजपा से सवाल पूछते हुए कहा कि वर्षों से भाजपा दिल्ली के लोगों को गुमराह करती आई है। उन्होंने कहा कि मेरी भाजपा को चुनौती है कि उस घर में स्विमिंग पूल दिखाओ, सोने-चांदी के कमोड दिखाओ और शराब की बार दिखाओ। 14 सितंबर को भाजपा के झूठ का खुद पर्दाफाश हो जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि आप सरकार के दौरान भाजपा ने मुख्यमंत्री आवास को लेकर बार-बार झूठे दावे किए। भाजपा नेताओं ने बार-बार कहा कि इस आवास के अंदर आलीशान स्विमिंग पूल बना है, यहां सोने-चांदी के कमोड लगाए गए हैं और एक विशाल बार का निर्माण कराया गया है। आतिशी के मुताबिक, भाजपा ने इन बयानों को इतनी बार दोहराया कि लोगों के मन में यह बात बैठा दी गई, लेकिन सच्चाई कुछ और है।
पहले भी मीडिया के साथ जाने की कोशिश हुई थी नाकाम
आतिशी ने बताया कि आप पार्टी ने पहले भी भाजपा को चुनौती दी थी कि वह मीडिया के साथ मुख्यमंत्री आवास का दौरा करे, ताकि पूरी सच्चाई देश के सामने आ सके। पार्टी नेताओं सौरभ भारद्वाज और संजय सिंह ने मीडिया के साथ वहां जाने की कोशिश भी की, लेकिन भाजपा की पुलिस ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया।
आतिशी ने कहा कि भाजपा को डर था कि अगर मीडिया अंदर गई, तो उनके झूठ का भंडाफोड़ हो जाएगा। इसीलिए उन्होंने हर बार रोक-टोक लगाई।

विजेंदर गुप्ता और अजय महावर को दी सराहना
पूर्व सीएम ने इस मौके पर भाजपा के स्पीकर विजेंदर गुप्ता और भाजपा विधायक अजय महावर की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि इन दोनों नेताओं ने वह हिम्मत दिखाई है, जो भाजपा के बड़े-बड़े नेता नहीं दिखा पाए। यह स्पष्ट है कि इन दोनों नेताओं की पहल पर ही 6 फ्लैगस्टाफ रोड के निरीक्षण की प्रक्रिया आगे बढ़ी है।
14 को दोपहर होगा निरीक्षण
आतिशी ने बताया कि दिल्ली विधानसभा की पब्लिक अकाउंट्स कमेटी 14 सितंबर को दोपहर में 6 फ्लैगस्टाफ रोड स्थित पुराने मुख्यमंत्री आवास का निरीक्षण करेगी। कमेटी के साथ भाजपा के सभी विधायक शामिल होंगे।
उन्होंने विधायकों से कहा, “कैमरे लेकर जाइए और पूरी दिल्ली को दिखाइए कि कहां है वह आलीशान स्विमिंग पूल। दिल्ली वालों को दिखाइए कि कहां हैं सोने-चांदी के कमोड और कहां है वह बार। अगर ये चीजें नहीं मिलीं, तो भाजपा को जनता से माफी मांगनी ही होगी।”
प्रधानमंत्री आवास का भी करो मीडिया के साथ दौरा
आतिशी ने अपनी चुनौती को एक कदम आगे बढ़ाते हुए भाजपा से प्रधानमंत्री आवास के निरीक्षण की भी मांग की। उन्होंने कहा कि जिस तरह 6 फ्लैगस्टाफ रोड का निरीक्षण कैमरों के साथ हो रहा है, उसी तरह प्रधानमंत्री आवास का भी निरीक्षण करवाया जाए। पूरा देश देखेगा कि कैसे लाखों-करोड़ों रुपये खर्च करके प्रधानमंत्री का आवास बनाया गया है।
उन्होंने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जिस देश में आम नागरिकों के पास खाना, पानी, सड़कें और स्कूल तक नहीं हैं, वहां इतना भव्य आवास बनाना कहां तक उचित है।
सियासत में गर्माही बढ़ने के आसार
शीशमहल मुद्दा दिल्ली की राजनीति में लंबे समय से चर्चा में रहा है। भाजपा ने विधानसभा चुनाव के दौरान भी इस मुद्दे को जमकर उठाया था। वहीं, आप ने हमेशा इसे झूठा आरोप बताया है और सच्चाई की जांच की मांग की है।
अब 14 सितंबर के निरीक्षण के बाद तय होगा कि इस विवाद का कौन सा पक्ष सही निकलता है। हालांकि, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि दोनों दल इस मुद्दे को अपने पक्ष में भुनाने की पूरी कोशिश करेंगे और दिल्ली की सियासत में गर्माही और बढ़ने के आसार हैं।

























