July 2026 New Rules: हर महीने की शुरुआत कुछ नए नियमों और बदलावों के साथ होती है, लेकिन 1 जुलाई 2026 का दिन कई लोगों के लिए काफी अहम है। इस दिन से लागू होने वाले 6 महत्वपूर्ण नियमों का सीधा असर आम आदमी की जेब पर और उसकी रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ने वाला है। कुछ नियम आपके लिए राहत लेकर आ रहे हैं, तो कुछ बढ़ते हुए खर्चों की चिंता पैदा कर सकते हैं।
अगर आप भी इन बदलावों से अनजान हैं, तो आपको आखिरी समय में किसी भी तरह की परेशानी या जुर्माना भरना पड़ सकता है। आइए इस विशेष रिपोर्ट में विस्तार से जानते हैं कि 1 जुलाई 2026 से कौन-कौन से नियम बदल रहे हैं और इनका असर आप पर कैसे पड़ेगा—
1. आधार कार्ड: ईमेल अपडेट हुआ फ्री, लेकिन पुराना ऐप होगा बंद
अगर आप अपने आधार कार्ड में ईमेल आईडी अपडेट करवाने का सोच रहे थे, तो 1 जुलाई का इंतजार करें। UIDAI ने 1 जुलाई 2026 से 31 दिसंबर 2026 तक ईमेल अपडेट कराने की सुविधा को पूरी तरह मुफ्त कर दिया है।
1 जुलाई से आपका पुराना ‘mAadhaar’ ऐप काम करना बंद कर देगा। अब सारे काम नए ‘Aadhaar App’ के जरिए होंगे। अगर आपने अभी तक नया ऐप डाउनलोड नहीं किया है, तो तुरंत अपने मोबाइल में नया ऐप इंस्टॉल कर लें, नहीं तो आधार से जुड़ा कोई भी काम अटक सकता है।
2. LPG और PNG कनेक्शन
जिन लोगों के घरों में एक साथ LPG (सिलेंडर) और PNG (पाइप्ड गैस) दोनों कनेक्शन हैं, उनके लिए 30 जून शिफ्ट होने की आखिरी तारीख थी। 1 जुलाई से इस नियम को सख्ती से लागू किया जा सकता है। हालांकि, अभी तक डुअल कनेक्शन वालों की गैस सप्लाई बंद करने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। फिलहाल, अगर आप ऐसे इलाके में शिफ्ट हो रहे हैं जहां PNG नहीं है, तो आप सरेंडर किया हुआ LPG दोबारा शुरू करा सकते हैं।
1 जुलाई को घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा होगी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्थिरता को देखते हुए इस बार गैस की कीमतों में कमी आने की पूरी उम्मीद है, जिससे आपकी जेब पर थोड़ी राहत दिख सकती है।
3. पासपोर्ट: बढ़ने वाली हैं फीस, जल्दी करें अप्लाई
अगर आप विदेश यात्रा की प्लानिंग कर रहे हैं और पासपोर्ट बनवाना है, तो 30 जून से पहले ही अप्लाई कर दें। 1 जुलाई 2026 से पासपोर्ट बनवाना महंगा हो जाएगा।
- सामान्य पासपोर्ट (36 पेज): इसकी फीस 1,500 रुपये से बढ़कर 2,500 रुपये हो जाएगी।
- तत्काल (टाटकल) पासपोर्ट: 3,500 रुपये की जगह अब 5,000 रुपये देने होंगे।
- जंबो पासपोर्ट बुकलेट: इनकी फीस में भी भारी बढ़ोतरी की जा रही है।
यानी अगर आप 30 जून के बाद अप्लाई करते हैं, तो आपको सीधे 1,000 से 1,500 रुपये ज्यादा खर्च करने पड़ेंगे।

4. रेलवे यात्रा: बिना टिकट वालों पर लगेगा भारी जुर्माना
ट्रेन से सफर करने वालों के लिए रेलवे के नए और सख्त नियम लागू हो सकते हैं। सरकार के एक प्रस्ताव को मंजूरी मिल चुकी है, जिसके तहत 1 जुलाई से बिना टिकट यात्रा करने वालों पर पहले से कहीं ज्यादा भारी जुर्माना लगाया जाएगा। इसके अलावा, रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में भीड़ को कंट्रोल करने और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कई नियमों को सख्ती से लागू किया जाएगा। अब ट्रेन में किसी भी तरह की अनियमितता पर बख्शा नहीं जाएगा।
5. PF निकालना होगा और भी आसान
प्राइवेट जॉब करने वाले कर्मचारियों के लिए एक बहुत अच्छी खबर है। सरकार जल्द ही EPFO 3.0 को लॉन्च करने वाली है, जिसके तहत प्रोविडेंट फंड (PF) का पैसा निकालना अब बहुत आसान हो जाएगा। नई व्यवस्था में आपको लंबे फॉर्म भरने या बैंक डिटेल्स के चक्कर में नहीं पड़ना होगा। कर्मचारी अपने PF का पैसा सीधे UPI और ATM के जरिए भी निकाल सकेंगे। यह बदलाव वित्तीय आपातकालीन जरूरतों में लोगों को तुरंत पैसा मिलने की गारंटी देगा।
6. क्रेडिट कार्ड: SBI और HDFC बदल रहे हैं रिवॉर्ड और लाउंज रूल्स
क्रेडिट कार्ड यूजर्स को भी 1 जुलाई से नए नियमों के हिसाब से कार्ड इस्तेमाल करना होगा:
- SBI कार्ड: अगर आप PhonePe SBI कार्ड इस्तेमाल करते हैं, तो आपको रिवॉर्ड पॉइंट्स मिलने पर अब कुछ नई सीमाओं का सामना करना पड़ सकता है। कंपनी कुछ चुनिंदा कार्ड्स पर रिवॉर्ड पॉइंट्स को सीमित (Capped) कर रही है।
- HDFC बैंक कार्ड: एयरपोर्ट लाउंज की फ्री सुविधा लेने वालों के लिए बड़ा झटका है। अब आपको फ्री डोमेस्टिक लाउंज एक्सेस तभी मिलेगी, जब आप अपने HDFC क्रेडिट कार्ड से एक तिमाही (3 महीने) में कम से कम 60,000 रुपये का खर्च करेंगे। इससे पहले यह लिमिट कम थी।






















